भारत को खेल केंद्र बनाना चाहते हैं खेल मंत्री सरबानंद सोनोवाल

खेल मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने आज यहां कहा कि देश को खेलों को जीने का तरीका बनाकर खेल केंद्र बनने की कोशिश करनी चाहिए।

भारत को खेल केंद्र बनाना चाहते हैं खेल मंत्री सरबानंद सोनोवाल

नई दिल्ली : खेल मंत्री सरबानंद सोनोवाल ने आज यहां कहा कि देश को खेलों को जीने का तरीका बनाकर खेल केंद्र बनने की कोशिश करनी चाहिए।

विश्वविद्यालय स्तर तक क्रिकेट खेलने वाले खिलाड़ी सोनोवाल ने कहा कि वह चाहते हैं कि भारत हॉकी जैसे खेलों में अपना पुराना गौरव दोबारा हासिल करे।

सोनोवाल ने एसोचैम द्वारा आयोजित कॉनक्लेव के इतर कहा, मेरा सपना भारत को खेलों में सफल देश बनाने का है। मैं सभी के लिए खेल के आदर्श वाक्य के साथ काम करना चाहता हूं जिससे कि यह जीने का तरीका बने और इसमें श्रेष्ठता हासिल करें।

‘यंग इंडिया-2030 कानक्लेव: प्रिपेयरिंग द नेशन’ के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता के बाद सोनोवाल ने कहा, मैं भारत को भविष्य में दुनिया के खेल केंद्र के रूप में देखता हूं। भारत को विभिन्न खेलों में दबदबा बनाना चाहिए।

सोनोवाल ने कहा कि वह असम में जब वह छात्र थे तो वह राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय की क्रिकेट टीम का सदस्य होने के अलावा फुटबॉल, हॉकी और पावरलिफ्टिंग खेलों से भी जुड़े थे।

सोनोवाल ने कहा, मैंने डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया और भारतीय संसद टीम का भी हिस्सा था जो ब्रिटेन में ब्रिटिश संसद टीम के खिलाफ खेली थी। उन्होंने कहा, अपने छात्र दिनों में मैंने हॉकी और फुटबॉल भी खेली और फिर पावर लिफ्टिंग में भी हाथ आजमाए और विश्वविद्यालय में चैम्पियन बना।

लखमीपुर से भारतीय जनता पार्टी के सांसद 51 वर्षीय सोनोवाल ने कहा कि उन्होंने हमेशा क्रिकेट खेलने का लुत्फ उठाया और अब भी उन्हें यह खेल देखना पसंद है।

देश में हाकी की खराब स्थिति पर सोनोवाल ने कहा, हॉकी ऐसा खेल है जिससे देश के लोग भावनात्मक रूप से जुड़े हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि भारतीय हॉकी ने लंबे समय पहले दुनिया भर में अपनी पहचान बनाई थी। इसलिए मैं चाहता हूं कि हम अपना पुराना गौरव हासिल करें।

सोनोवाल ने हालांकि 2019 एशियाई खेलों की मेजबानी को लेकर कोई प्रतिबद्धता नहीं जताई। उन्होंने कहा, हमने भारतीय ओलंपिक संघ को खेलों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत प्रेजेंटेशन देने को कहा है। आईओए ने हमें सारी विस्तृत जानकारी नहीं दी है। आईओए के ऐसा करने के बाद ही हम कोई फैसला करेंगे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.