प्‍यार को लेकर पंचायत का `तालिबानी` फरमान, लड़की से 13 लोगों ने किया गैंगरेप

दूसरे समुदाय से प्रेम ने एक आदिवासी लड़की की जिंदगी बर्बाद कर दी। यही नहीं, स्‍थानीय पंचायत के `तालिबानी` फरमान ने इस लड़की के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो
सुरी (पश्चिम बंगाल) : दूसरे समुदाय से प्रेम ने एक आदिवासी लड़की की जिंदगी बर्बाद कर दी। यही नहीं, स्‍थानीय पंचायत के `तालिबानी` फरमान ने इस लड़की के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी।
जानकारी के अनुसार, बीरभूम जिले के लाभपुर में 13 लोगों ने 20 वर्षीय एक आदिवासी लड़की से कथित तौर पर सामूहिक बलात्कार किया। ये लोग दूसरे समुदाय के लड़के से लड़की के प्रेम संबंधों के खिलाफ थे। पुलिस ने बताया कि सभी 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पीड़िता की हालत बेहद गंभीर है। सामूहिक बलात्कार की यह घटना मंगलवार की रात की है।
लड़की के परिवार ने लाभपुर पुलिस थाने में दी गई अपनी शिकायत में कहा कि घटना उनके समुदाय के लोगों की पंचायत के बाद हुई। पंचायत में इन लोगों ने लड़की के दूसरे समुदाय के लड़के से प्रेम संबंधों के लिए दंड देने का फैसला किया और फिर यह घटना हुई।
सहायक पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौधरी ने ब्यौरा देने से इनकार करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया, उससे सामूहिक बलात्कार हुआ और हमने 13 लोगों को पकड़ा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि उस युवक को भी गिरफ्तार किया गया है जिससे कथित तौर पर लड़की के प्रेम संबंध थे। गिरफ्तार 13 आरोपियों पर सामूहिक बलात्कार और महिला को गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया गया है। युवक के खिलाफ आरोप स्पष्ट नहीं हैं।
स्थानीय लोगों के एक तबके ने मीडिया को बताया कि एक कंगारू अदालत के बाद आदिवासियों ने यह ‘शर्मनाक’ फैसला किया, लेकिन इसकी आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है। गौर हो कि जिले में चार साल पहले इसी तरह के मामले में एक आदिवासी लड़की को निर्वस्त्र कर घुमाया गया था।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.