छत्तीगढ़ नक्सली हमला: 1 ग्रामीण और 15 जवानों की हत्या, शिंदे ने कहा-हम टक्कर लेंगे

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार को नक्सलियों के घात लगाकर किए गए हमले में 15 पुलिसकर्मी शहीद हो गए तथा एक ग्रामीण भी मारा गया है। हमले में तीन जवान घायल हैं। जबकि केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि हमने इसे काफी गंभीरता से लिया है और हम नक्सलियों से सीधी टक्कर लेंगे।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
रायपुर : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में मंगलवार को नक्सलियों के घात लगाकर किए गए हमले में 15 पुलिसकर्मी शहीद हो गए तथा एक ग्रामीण भी मारा गया है। हमले में तीन जवान घायल हैं। जबकि केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा कि हमने इसे काफी गंभीरता से लिया है और हम नक्सलियों से सीधी टक्कर लेंगे।
राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुकमा जिले के तोंगपाल थाना क्षेत्र के अंतर्गत तकबाड़ा गांव के करीब नक्सलियों ने पुलिस दल पर घात लगाकर हमला कर दिया है जिसमें 15 पुलिसकर्मी शहीद हो गए हैं। शहीदों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल 80 वीं बटालियन के 11 जवान और चार छत्तीसगढ़ पुलिस के जवान शामिल हैं। वहीं इस दौरान एक ग्रामीण की भी मृत्यु हो गई है।
हालांकि राज्य के नक्सल मामलों के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर के विज ने पहले स्थानीय अधिकारियों के हवाले से 20 पुलिसकर्मियों के शहीद होने की सूचना दी थी। लेकिन बाद में मिली पुष्ट सूचना के अनुसार शहीदों की संख्या 15 बताई जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के तोंगपाल और झीरम गांव के करीब सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। सड़क की सुरक्षा के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जिला बल के लगभग 50 जवानों को वहां तैनात किया गया था। जवान जब सड़क की सुरक्षा कर रहे थे तब 150 से ज्यादा नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नक्सलियों की गोलीबारी के बाद सुरक्षा बल ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी। इधर घटना की जानकारी मिलते ही घटनास्थल के लिए अतिरिक्त पुलिस दल रवाना कर दिया गया। पुलिस दल ने क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। जिन्हें हेलीकाप्टर से रायपुर भेजा गया है। पुलिस को जानकारी मिली है कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों से 15 स्वचलित हथियार भी लूट लिया है।
वहीं, पुलिस को आशंका है कि नक्सलियों ने एक जवान के शव में विस्फोटक भी बांध दिया है। जवान का शव नाले के करीब पड़ा है।
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा, ‘हमने इसे काफी गंभीरता से लिया है और हम नक्सलियों से सीधी टक्कर लेंगे। सीआरपीएफ के महानिदेशक दिलीप त्रिवेदी को मौके पर तुरंत पहुंचने के लिए कहा गया है।’ उन्होंने कहा कि यह अंदाज लगाना जल्दबाजी होगी कि इस मामले में नाकामी किसकी थी, पर, उन्होंने कहा, ‘नक्सल आंदोलन से कड़ाई से निपटना होगा और हम ऐसा करेंगे।’
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विज ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य के पुलिस महानिदेशक ए एन उपाध्याय और वह स्वयं (विज) घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
सुकमा क्षेत्र के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि स्थानीय इंटेलिजेंस ने क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय और उड़ीसा के नक्सलियों के होने की सूचना भेजी थी जिसके बाद सुरक्षा बल को सतर्क कर दिया गया था। पुलिस हमले की समीक्षा कर रही है।
राज्यपाल शेखर दत्त और मुख्यमंत्री रमन सिंह ने घटना की निंदा की है और जवानों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने इस घटना को नक्सलियों का क्रूर एवं घृणित कृत्य कहा है। वहीं मुख्यमंत्री ने इसकी निंदा की है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.