संयुक्त राष्ट्र कोष में 1.10 करोड़ डालर की राशि देगा भारत

भारत ने वर्ष 2014 के लिए विकास गतिविधियों की खातिर संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न इकाइयों को एक करोड़ दस लाख डालर की राशि देने की प्रतिबद्धता जतायी है।

संयुक्त राष्ट्र : भारत ने वर्ष 2014 के लिए विकास गतिविधियों की खातिर संयुक्त राष्ट्र की विभिन्न इकाइयों को एक करोड़ दस लाख डालर की राशि देने की प्रतिबद्धता जतायी है।
संयुक्त राष्ट्र में भारत के उप स्थायी प्रतिनिधि मंजीव सिंह पुरी ने महासभा को बताया कि भारत की अपनी विकास चुनौतियां बहुत अधिक हैं जिनका समाधान किया जाना बाकी है लेकिन इसके बावजूद भारत ने हमेशा संयुक्त राष्ट्र की विकास गतिविधियों के लिए संसाधन जुटाने के मकसद से योगदान करने के प्रयास किए हैं।
उन्होंने बताया कि भारत ने वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम के लिए 45 लाख डालर, विश्व खाद्य कार्यक्रम के लिए 19 लाख डालर तथा फलस्तीनी शरणर्थियों के लिए संयुक्त राष्ट्र राहत कार्य एजेंसी को दस लाख डालर की राशि देने की प्रतिबद्धता जतायी है।
भारत ने संयुक्त राष्ट्र बाल कोष में भी हजारों डालर का योगदान दिया है। इसके अलवा संराष्ट्र जनसंख्या कोष, संयुक्त राष्ट्र मादक पदार्थ एवं अपराध, स्वैच्छिक न्यास कोष तथा प्रताड़ना के शिकार लोगों के पुनर्वास के लिए स्वैच्छिक न्यास कोष में भी धनराशि दान की है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.