माउंट एवरेस्ट पर हिमस्खलन में 13 नेपाली शेरपा गाइडों की मौत

दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर हुए भूस्खलन में कम से कम छह नेपाली पर्वतारोही गाइडों के मारे जाने की खबर है जबकि छह अन्य लापता बताए जा रहे हैं। यह घटना शुक्रवार तड़के हुई।

काठमांडो : माउंट एवरेस्ट पर शुक्रवार को जबर्दस्त हिमस्खलन में कम से कम 13 नेपाली शेरपा गाइडों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए। इसे दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर पर्वतारोहण की सबसे खतरनाक दुर्घटनाओं में एक बताया जा रहा है।
नेपाल के पर्यटन मंत्रालय के पर्वतारोहण प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 13 शव बरामद कर लिए गए हैं और इन्हें आधार शिविर लाया गया है। तीन अन्य घायलों को काठमांडो ले जाया गया है। कम से कम सात पर्वतारोही अभी भी लापता बताये जा रहे हैं।
नेपाल के पर्यटन मंत्रालय के पर्वतारोहण प्रकोष्ठ के अधिकारी तिलक पांडे ने बताया, ‘‘हिमस्खलन की चपेट में नेपाली शेरपा गाइड और पर्वतारोही आ गए जो एवरेस्ट स्थित आधार शिविर से कैम्प की ओर बढ़ रहे थे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ ‘अल्पाइन एसेंट’ और ‘समिट नेपाल’ समेत छह विभिन्न अभियान के करीब 15 पर्वतारोही थे, जो हिमस्खलन में बह गए।’’ करीब 100 शेरपा गाइड और पर्वतारोही हिमस्खलन के स्थान पर फंसे हुए हैं।
नेपाल के पर्यटन विभाग के प्रवक्ता ने कहा कि कुछ लापता पर्वतारोहियों को बचा लिया गया है लेकिन कुछ अब भी लापता बताये जा रहे हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.