चीनी लेखक मो यान को साहित्य का नोबेल

चीनी लेखक मो यान को वर्ष 2012 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया। 57 वर्षीय मो यान साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार पाने वाले 109वें लेखक हैं।

स्टॉकहोम : चीनी लेखक मो यान को वर्ष 2012 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार के लिए चुना गया। 57 वर्षीय मो यान साहित्य के लिए नोबेल पुरस्कार पाने वाले 109वें लेखक हैं। पिछले साल यह पुरस्कार स्वीडिश लेखक टॉमस ट्रांसट्रोमर को दिया गया था। पुरस्कार की घोषणा रॉयल स्वीडिश एकेडेमी ऑफ साइंसेस ने गुरुवार को एक बयान में की।
बयान के अनुसार, `वर्ष 2012 के साहित्य में नोबेल पुरस्कार के लिए चीनी लेखक मो यान को चुना गया जिन्होंने काल्पनिक वास्तविकता को परी कथाओं, इतिहास एवं समसामयिक विषयवस्तुओं में गुम्फित कर साहित्य का सृजन किया।` मो यान पहले चीनी नागरिक हैं जिन्हें नोबेल पुरस्कार के 111 वर्षो के इतिहास में पुरस्कार के लिए चुना गया है। हालांकि वे पहले चीनी नहीं हैं। इससे पहले अब फ्रांसीसी नागरिकता ले चुके प्रवास कर रहे चीनी गाओ शिंगजियान को 2000 में विसंगति नाटक, खोजी कहानी और उपन्यास की रचना के लिए नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उनके उपन्यास `सॉल माउंटेन` में चीन की कम्युनिस्ट सरकार की आलोचना की गई थी जिसके कारण इस पर चीन में प्रतिबंध लगा दिया गया था।
मो यान का जन्म पूर्वी शांगदोंग प्रांत में एक किसान परिवार में 1955 में हुआ। यान ने अपना पहला उपन्यास लिखने के दौरान ही अपना उपनाम रख लिया। मो ने कहा कि उनके उपनाम का अर्थ है `मत कहो`। उन्होंने सेना में रहने के दौरान ही लिखना शुरू कर दिया था। उनका महत्वपूर्ण उपन्यास `रेड शोरघम` 1987 में प्रकाशित हुआ जो कि जापान विरोधी युद्ध पर आधारित था और इसमें प्यार और संघर्ष की दास्तां बयां की गई है। बाद में इस उपन्यास पर फिल्म बनी जिसने 1988 में बर्लिन इंटरनेशनल फिल्म समारोह में सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार का खिताब जीता।
इस वर्ष नोबेल पुरस्कारों की यह चौथी घोषणा है। इससे पहले रसायन, भौतिकी और चिकित्सा के क्षेत्र में पुरस्कार की घोषणा की जा चुकी है। एक को छोड़कर बाकी सभी पुरस्कार 19वीं सदी के करोड़पति अल्फ्रेड नोबेल ने स्थापित किए थे। अर्थशास्त्र का पुरस्कार स्वीडन के केंद्रीय बैंक ने 1968 में स्थापित किया था। ये पुरस्कार 1901 से प्रदान किए जा रहे हैं। प्रत्येक पुरस्कार में पदक, प्रशस्ति पत्र और नकद राशि शामिल होती है। इस वर्ष की नकद राशि लगभग 10 लाख अमेरिकी डॉलर है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.