ज्योतिरादित्य सिंधिया बने सिविल एविएशन मिनिस्टर और मनसुख मांडविया को मिला स्वास्थ्य मंत्रालय

मोदी सरकार ने कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों को विभाग भी सौंप दिए हैं. जानिए किसे मिला कौन सा विभाग. 

Last Updated : Jul 8, 2021, 01:27 AM IST
ज्योतिरादित्य सिंधिया बने सिविल एविएशन मिनिस्टर और मनसुख मांडविया को मिला स्वास्थ्य मंत्रालय

नई दिल्ली: नरेंद्र मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल के बुधवार को हुए सबसे बड़े फेरबदल में 43 नए मंत्रियों ने शपथ ली जबकि 11 पुराने मंत्रियों को अपनी कुर्सी गंवानी पड़ी. बुधवार शाम को हुए शपथ ग्रहण समारोह के पोर्टफोलियो का भी ऐलान कर दिया. भाजपा में शामिल होने के बाद पहली बार मंत्रिमंडल में शामिल किए गए ज्योतिरादित्य सिंधिया को नागरिक उड्डयन मंत्रालय दिया गया है वहीं मनसुख मांडविया को देश का नया स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है. 

वहीं इसके अलावा अश्विनी वैष्णव को रेल मंत्री और आईटी मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है. वहीं हरदीप पुरी को नया पेट्रोलियम मंत्री बनाया गया है. वो अपने पुराने शहरी विकास मंत्रालय का कार्य देखते रहेंगे. वहीं पीयूष गोयल को इस बार कपड़ा मंत्रालय के अलावा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग दिया गया है. 

राष्ट्रपति भवन की एक विज्ञप्ति में बताया गया कि गृह मंत्री अमित शाह को नवगठित सहकारिता मंत्रालय का प्रभार भी मिला है. नए मंत्रालय में बी एल वर्मा उनके उप मंत्री होंगे. अनुराग सिंह ठाकुर, जो पहले वित्त राज्य मंत्री थे, उन्हें कैबिनेट में पदोन्नत किया गया और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के साथ-साथ युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय भी आवंटित किया गया है.

फेरबदल के बाद राजनाथ सिंह के पास रक्षा मंत्रालय और निर्मला सीतारमण के पास वित्त मंत्रालय बरकरार है. नितिन गडकरी सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री बने रहेंगे और सुब्रह्मण्यम जयशंकर विदेश मंत्री बने रहेंगे.

15 कैबिनेट सहित कुल 43 ने ली शपथ  
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बुधवार शाम यहां राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में 15 कैबिनेट मंत्रियों और 28 राज्य मंत्रियों को शपथ दिलाई. यह मई 2019 में दूसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यभार संभालने के बाद मंत्रिपरिषद में पहला फेरबदल है.

हर्षवर्धन और रविशंकर की हुई छुट्टी
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री ने स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन, आईटी एवं कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद और सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर सहित 12 मंत्रियों को मंत्रिपरिषद से हटा दिया था. मंडाविया को रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय भी दिया गया है, जबकि वैष्णव संचार, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री भी होंगे. पीयूष गोयल अब वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के अलावा कपड़ा मंत्रालय का भी प्रभार संभालेंगे.

धर्मेंद्र प्रधान बने नए शिक्षा मंत्री 
शिक्षा मंत्रालय का नेतृत्व धर्मेंद्र प्रधान करेंगे. वह कौशल विकास और उद्यमिता का प्रभार भी संभालेंगे. जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के राम चंद्र प्रसाद सिंह इस्पात मंत्री होंगे, जबकि पशुपति कुमार पारस को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री और किरण रिजिजू को विधि एवं न्याय मंत्री बनाया गया है. हरदीप सिंह पुरी पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय का प्रभार संभालेंगे. नारायण राणे को लघु सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमिता मंत्रालय तथा सर्वानंद सोनोवाल को पोत, जहाजरानी, जलमार्ग एवं आयुष मंत्रालय का दायित्व सौंपा गया है.

श्रीपद येसो नाइक का बढ़ा कद 
श्रीपद येसो नाइक, जो आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) थे, अब बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय में राज्य मंत्री के अलावा पर्यटन मंत्रालय में भी राज्य मंत्री होंगे. अब तीन गृह राज्य मंत्री होंगे- नित्यानंद राय, अजय कुमार और निशिथ प्रामाणिक.

वीरेंद्र कुमार सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री, भूपेंद्र यादव पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और श्रम एवं रोजगार मंत्री होंगे तथा जी किशन रेड्डी संस्कृति, पर्यटन और उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय का प्रभार संभालेंगे.

जितेंद्र सिंह बने कैबिनेट मंत्री 
इससे पहले, उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्रालय पहले जितेंद्र सिंह के पास स्वतंत्र प्रभार के रूप में था. मंत्रालय को अब कैबिनेट रैंक का मंत्री मिल गया है. स्मृति जुबिन ईरानी के पास महिला एवं बाल विकास मंत्रालय बरकरार है, जबकि नरेंद्र सिंह तोमर के पास कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय बरकरार है. प्रल्हाद जोशी संसदीय कार्य मंत्री, कोयला मंत्री और खान मंत्री होंगे.

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) होंगे. वह प्रधानमंत्री कार्यालय में, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन मंत्रालय में, परमाणु ऊर्जा विभाग में और अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री बने रहेंगे.

रक्षा मंत्रालय के राज्यमंत्री होंगे उत्तराखंड के अजय भट्ट
अजय भट्ट रक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री और पर्यटन मंत्रालय में राज्य मंत्री होंगे. पहली बार लोकसभा सांसद बने मुंजापारा महेंद्रभाई को महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री नियुक्त किया गया. दो नए राज्य मंत्रियों - प्रतिमा भौमिक और ए. नारायणस्वामी - को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के प्रमुख रामदास अठावले नए मंत्रिपरिषद में सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के राज्य मंत्री के रूप में काम करना जारी रखेंगे.

जानिए किसे मिला कौन सा मंत्रालय:

पुरुषोत्तम रूपाला: डेयरी, मत्स्य पालन
ज्योतिरादित्य सिंधिया: नागरिक उड्डयन
हरदीप पुरी: शहरी विकास और पेट्रोलियम
स्मृति ईरानी: महिला एवं बाल विकास 
डॉ. मुंजापारा महेंद्रभाई: महिला एवं बाल विकास (राज्य मंत्री)
अश्विनी वैष्णव: रेलवे और आईटी
धर्मेंद्र प्रधान: शिक्षा और कौशल विकास
मनसुख मंडाविया: स्वास्थ्य और रासायनिक उर्वरक मंत्रालय
अमित शाह: गृह और कॉपरेशन मंत्रालय
मीनाक्षी लेखी: विदेश मंत्रालय और संस्कृति
पीयूष गोयल: टेक्सटाइल एंड फूड एंड कंज्यूमर अफेयर्स
गिरिराज सिंह: ग्रामीण विकास
पशुपति पारस: फूड प्रॉसेसिंग 
भूपेंद्र यादव: श्रम एवं पर्यावरण
अनुराग ठाकुर: युवा मामलों खेल, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय 

Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.  

ट्रेंडिंग न्यूज़