)
Karnataka News: आगामी 2024 लोकसभा चुनाव को लेकर मुल्क का सियासी पारा चढ़ा हुआ है. कर्नाटक में 'BJP' जनता दल के साथ गठबंधन का प्लान बना रही है. प्रदेश के पूर्व सीएम बी एस येदियुरप्पा ने शुक्रवार यानी 8 सितंबर को कहा, "बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए पूर्व पीएम एच डी देवेगौड़ा की पार्टी जनता दल (सेक्युलर) के साथ गठबंधन करेगी. येदियुरप्पा की इस ऐलान से प्रदेश का सियासी तापमान बढ़ गया है. ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकी साल 2018 में कांग्रेस और जेडीएस ने मिलकर सरकार बनाई थी. एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि, ये सरकार ज्यादा समय तक नहीं चल पाई. करीब 14 महीने बाद ही भाजपा ने इस सरकार को गिराकर अपनी सरकार बना ली थी.
BJP संसदीय बोर्ड के सदस्य येदियुरप्पा ने कहा, "चुनावी तालमेल के तहत JDS से कर्नाटक में 28 संसदीय इलाकों में से चार पर चुनाव लड़ेगी. बीजेपी और जद(एस) के बीच तालमेल होगा. केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह JDS को चार लोकसभा सीट देने के लिए राजी हो गए हैं."
उन्होंने कहा, "इसने हमें काफी ताकत दी है और इससे साथ मिल कर हमें 25 से 26 लोकसभा सीट जीतने में मदद मिलेगी." JDS प्रमुख देवेगौड़ा ने हाल में कहा था, "उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव अकेले लड़ेगी." BJP ने प्रदेश में 2019 के लोकसभा चुनावों में 25 सीट पर जीत हासिल की थी, वहीं भाजपा के समर्थन से एक निर्दलीय उम्मीदवार ने एक सीट पर जीत हासिल की थी. Congress और JDS ने एक-एक सीट पर जीत हासिल की थी. सूत्रों के मुताबिक, पूर्व पीएम और JDS प्रमुख एच.डी. देवेगौड़ा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से गोपनीय बातचीत की है.
सूत्रों ने कहा, "JDS मांड्या सीट भाजपा के लिए छोड़ सकती है." सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी को पार्टी के कदम के बारे में जानकारी है और उन्होंने गठबंधन को हरी झंडी भी दे दी है. विधानसभा चुनावों में जीत और गारंटी योजनाओं के दम पर कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनावों में 28 में से 20 सीटें जीतने का लक्ष्य बनाकर चल रही है.
Zee Salaam