)
न्यूयॉर्कः अमेरिका में 24 मिलियन से ज्यादा छात्र अब सिखों के बारे में अपने स्कूली किताब से जानकारी हासिल करेंगे, क्योंकि दो और राज्यों ने नए सामाजिक अध्ययन स्टैंडर्डं में सिख धर्म को शामिल किया है.
उटाह और मिसिसिपी हाल ही में अमेरिका में 15वें और 16वें राज्य बन गए हैं, जिन्होंने अपने सामाजिक स्टडी पाठ्यक्रम में सिख धर्म, सिख प्रथाओं और उनकी परंपराओं के बारे में जानकारी शामिल की है. सरकार का यह कदम उटाह में 606,000 और मिसिसिपी में लगभग 457,000 छात्रों को सिख धर्म के बारे में जानने के मौके फराहम करेंगे.
इस फैसले से अमेरिकी सिख समूदाय में खुशी की लहर
साल्ट लेक सिटी के रहने वाले मंजीत सिंह ने कहा, ’’इन नए शैक्षिक मानकों (स्टैंडर्डं) के लिए सरकार का धन्यवाद! हमारे राज्य के छात्र सिख धर्म के बारे में जान सकेंगे, जिसका अर्थ है यटाह में मेरे बच्चों के लिए सुरक्षित स्कूल और सभी के लिए बेहतर सांस्कृतिक शिक्षा मुहैया होगी.’’ जैक्सन के सिख समुदाय के सदस्य अमरीक सिंह ने कहा, ’’ये नए मानक मिसिसिपी में हमारे बढ़ते सिख समुदाय को हमारे पड़ोसियों को सिख धर्म के बारे में जागरुक करने और राज्य में सिख छात्रों की बेहतर सुरक्षा और पहचान करने का मौका प्रदान करेंगे.’’
सिख गठबंधन ने रखी थी मांग
सिख छात्रों के मुताबिक, यह कदम अपने शिक्षकों और सहपाठियों को सिख मजहब के बारे में सटीक और संवैधानिक तरीके से शिक्षित करने के सबसे अच्छे तरीकों में से एक है. इस साल जनवरी में राज्य शिक्षा बोर्ड की बैठक में सिख गठबंधन द्वारा सिखों को नए पाठ्यक्रम में शामिल करने का प्रारंभिक अनुरोध किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है.सिख गठबंधन के वरिष्ठ शिक्षा प्रबंधक हरमन सिंह ने एक बयान में कहा, ’’आने वाले महीनों और सालों में ज्यादा समावेशी मानकों को स्थानीय रूप से अपनाने और लागू करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. सिख गठबंधन ने कहा कि यह प्रक्रिया के दौरान उटाह और मिसिसिपी शिक्षा विभाग के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा.
Zee Salaam