Haryana Election: भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है... हरियाणा में विरोधियों पर जमकर बरसीं प्रियंका
Advertisement
trendingNow12453650

Haryana Election: भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है... हरियाणा में विरोधियों पर जमकर बरसीं प्रियंका

Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के लोगों को उन लोगों को बदल देना चाहिए, जो संविधान ‘बदलने’ की बात करते हैं और हर स्तर पर उसका ‘अपमान’ करते हैं.

Haryana Election: भाजपा जा रही है, कांग्रेस आ रही है... हरियाणा में विरोधियों पर जमकर बरसीं प्रियंका

Priyanka Gandhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के लोगों को उन लोगों को बदल देना चाहिए, जो संविधान ‘बदलने’ की बात करते हैं और हर स्तर पर उसका ‘अपमान’ करते हैं. हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपनी पहली चुनावी रैली में उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के लोगों ने हमेशा देश की रक्षा की है. 

प्रियंका गांधी का भाजपा पर बड़ा हमला

उन्होंने कहा, ‘किसानों, जवानों और खिलाड़ियों ने देश का सम्मान बरकरार रखा है.’ उन्होंने आरोप लगाया, ‘भाजपा पिछले 10 वर्षों से हरियाणा में सरकार में है. उन्होंने इस सम्मान की रक्षा के बदले में आपको क्या दिया? उन्होंने (भाजपा सरकार) हर स्तर पर आपका अपमान किया.’ 

आपमें से कितने लोगों को रोजगार मिला

उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से पूछा, ‘यहां बहुत बेरोजगारी है. आपमें से कितने लोगों को रोजगार मिला.’ किसानों के मुद्दों पर भाजपा सरकार पर हमला करते हुए उन्होंने कहा, ‘आपने उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया और आपको आंसू गैस के गोले मिले और आपको लाठियां मिलीं. आपकी बात नहीं सुनी गई.’ 

सरकार आपके लिए कुछ नहीं कर रही..

प्रियंका गांधी ने 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने के भाजपा सरकार के दावे पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि उन 24 में से 10 फसलें यहां नहीं उगाई जाती हैं. उन्होंने आरोप लगाया, ‘आपको धोखा दिया गया.’ कांग्रेस महासचिव ने कहा कि लोग महंगाई से लड़ रहे हैं और संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘सरकार आपके लिए कुछ नहीं कर रही है. जहां भी देखें, आप घोटाले पर घोटाले देखने को मिलते हैं. आज आपका भविष्य क्या है.’ 

इस सरकार को उखाड़ फेंकिए

उन्होंने कहा, ‘अगर आप न्याय चाहते हैं, तो इस सरकार को उखाड़ फेंकिए. इस सरकार को हटा दीजिए. आपको इस सरकार से कुछ भी नहीं मिला.’ प्रियंका गांधी ने कहा, ‘संविधान ने आपको सम्मान दिया है. संविधान ने आपको अधिकार दिया है. आप उन लोगों को बदल दीजिए, जो संविधान बदलने की बात करते हैं.’ उन्होंने दावा किया, ‘भाजपा (सत्ता से) जा रही है, कांग्रेस आ रही है.’ हरियाणा की 90 विधानसभा सीट के लिये मतदान पांच अक्टूबर को है और मतगणना आठ अक्टूबर को होगी.

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Trending news