उ. भारत में ठंड का कहर जारी, दिल्ली में पारा 2.7 डिग्री

देश की राजधानी नई दिल्ली साल के पहले दिन से ठंड के हर दिन नए रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है।

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान के मौसम के सबसे निचले स्तर 2.7 डिग्री सेल्सियस पर आ जाने के कारण दिल्लीवासियों को कड़कड़ाती हुयी सर्दी का सामना करना पड़ा।
आज का न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम है और यह कल के न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस से कम है। कल का अधिकतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
तड़के धुंध छाई रहने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। मंगलवार को न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर आ गया था जो इस मौसम में दूसरा सबसे कम न्यूनतम तापमान है।
बुधवार को ठंड ने 44 साल का रिकार्ड तोड़ दिया था जब यहां का अधिकतम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
मौसम अधिकारियों ने अनुमान व्यक्त किया है कि कल भी इसी तरह का मौसम रहेगा और यहां का तापमान चार से लेकर 15 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा।
उत्तर प्रदेश में ठंड की चपेट में आकर नौ और लोगों की मौत हो गयी जिससे इस मौसम में ठंड से मरने वालों की संख्या 116 तक पहुंच गयी है ।
राजस्थान के कई हिस्सों में भी तापमान में गिरावट जारी है। माउंट आबू में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। बीकानेर का तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया । पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर हिस्सों में ठंड का असर दिखाई दे रहा है । घनी धुंध की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है ।
मौसम विभाग ने कहा कि पंजाब और हरियाणा में तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस कम से लेकर चार डिग्री सेल्सियस ज्यादा तक दर्ज किया गया । (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.