मुंबई गैंगरेप: आरोपी पर कुल्‍हाड़ी से हमला, अंडे व टमाटर फेंके

मुंबई सामूहिक ब्लात्कार के आरोपी पर यहां के एक अदालत के बाहर शुक्रवार को कुल्हाड़ी से हमला किया गया। बलात्कार के आरोपी पर अदालत के बाहर अंडे भी फेंके गए।

ज़ी मीडिया ब्‍यूरो/बिमल कुमार
मुंबई : मुंबई सामूहिक ब्लात्कार के आरोपी पर यहां के एक अदालत के बाहर शुक्रवार को कुल्हाड़ी से हमला किया गया। बलात्कार के आरोपी पर अदालत के बाहर अंडे भी फेंके गए। गौर हो कि पिछले हफ्ते दक्षिण-मध्य मुंबई में पांच लोगों ने 23 साल की एक फोटो-पत्रकार से सामूहिक बलात्कार किया था।
मुंबई के एक दंडाधिकारी ने शुक्रवार को महिला फोटो पत्रकार सामूहिक दुष्कर्म मामले में तीन आरोपियों की पुलिस हिरासत पांच सितंबर तक के लिए बढ़ा दी। अदालत की सुनवाई के बाद वापस हवालात ले जाए जाने के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने तीनों आरोपियों पर निशाना साधते हुए उन पर अंडे और टमाटर फेंके। पुलिस हिरासत में भेजे गए तीनों आरोपी सिराज खान, विजय जाधव और कासिम बंगाली हैं।
तीनों आरोपियों को पुलिस जैसे ही हवालात ले जाने के लिए पुलिस वाहन की तरफ ले जाने लगी, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की महिला कार्यकर्ताओं ने अचानक आरोपियों को फांसी की सजा दिए जाने की मांग करते हुए नारेबाजी की तथा तीनों आरोपियों पर अंडे और टमाटर फेंके।
सुनवाई के दौरान सरकारी वकील ने कहा कि जांचकर्ताओं को अभी पीड़िता के कुछ कपड़े और अन्य सबूत बरामद करने हैं। इसके मद्देनजर उन्होंने आरोपियों की हिरासत बढ़ाए जाने की मांग की। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों पर साक्ष्य को नष्ट करने तथा आपराधिक साजिश रचने के दो अतिरिक्त आरोप भी लगाए।
पीड़िता का फोटो लेने के लिए इस्तेमाल किए गए एक आरोपी का मोबाइल बरामद करने के बाद पुलिस आरोपियों पर कुछ अन्य आरोप भी लगा सकती है, जिसमें आपराधिक साजिश, अप्राकृतिक संबंध एवं सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम के तहत आरोप शामिल हो सकते हैं।
एक अंग्रेजी पत्रिका से संबद्ध 22 वर्षीय महिला फोटो पत्रकार को 22 अगस्त की देर शाम महालक्ष्मी में बंद पड़ी शक्ति मिल्स परिसर में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार बनाया गया तथा उसके पुरुष साथी के साथ मारपीट की गई। राज्य सरकार ने इस मामले की सुनवाई एक फास्ट ट्रैक अदालत में करवाए जाने की घोषणा की है, तथा आपराधिक मामलों के जाने माने वकील उज्‍जवल निकम को विशेष सराकारी वकील नियुक्त किया है।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.