भाजपा में शामिल होंगे पूर्व सेना प्रमुख वीके सिंह

पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह शनिवार को भाजपा में शामिल होंगे। आयु के मुद्दे पर उनकी सरकार के साथ लंबी लड़ाई चली थी।

नई दिल्ली : पूर्व सेना प्रमुख जनरल वीके सिंह शनिवार को भाजपा में शामिल होंगे। आयु के मुद्दे पर उनकी सरकार के साथ लंबी लड़ाई चली थी। कुछ दिन पहले ही सिंह ने हरियाणा के रेवाड़ी में पूर्व सैनिकों की रैली में प्रधानमंत्री पद के भाजपा के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा किया था। हालांकि उन्होंने भाजपा में शामिल होने की योजना की पुष्टि करने से इनकार कर दिया था और कहा था कि वह सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे के साथ काम कर रहे हैं।
हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं है कि भाजपा जनरल सिंह को आगामी लोकसभा चुनावों में उतारेगी या नहीं। सेना प्रमुख के तौर पर सिंह के कार्यकाल में उनकी उम्र को लेकर विवाद उठा था। वह पहले ऐसे सेना प्रमुख थे जिन्होंने सेवा के दौरान अपनी उम्र के मुद्दे पर सरकार को अदालत में खींचा था। उच्चतम न्यायालय ने सरकार के पक्ष में निर्णय किया था। जनरल सिंह ने सेवानिवृत्ति के तत्काल बाद सरकार विरोधी रवैया अपना लिया था और उनके कार्यकाल के दौरान समस्याएं पैदा करने के लिए नौकरशाही और प्रधानमंत्री कार्यालय को जिम्मेदार ठहराया था। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.