मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर भाजपा में शामिल

मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख सत्यपाल सिंह आज मेरठ में आयोजित विजय शंखनाद रैली में भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
मेरठ : मुंबई पुलिस के पूर्व प्रमुख सत्यपाल सिंह आज मेरठ में आयोजित विजय शंखनाद रैली में भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हो गए। इस मौके पर सिंह कहा कि देश के ‘पुनर्निर्माण’ में हिस्सा लेने के लिए हमने ‘अच्छी कुर्सी’ का मोह छोड़ दिया। मालूम हो कि पिछले हफ्ते ही उन्होंने पद से इस्तीफा दिया था। सत्यपाल सिंह महाराष्ट्र कैडर के 1980 बैच के आईपीएस अधिकारी रहे हैं।
पश्चिमी उत्तरप्रदेश के रहने वाले सिंह आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव लाने के लिए नरेन्द्र मोदी का समर्थन करने की जरूरत है। खबर है कि सत्यपाल सिंह अपने गृह राज्य उत्तर प्रदेश में केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह के खिलाफ बागपत लोकसभा क्षेत्र से बीजेपी प्रत्याशी बनकर चुनाव लड़ेंगे।
उन्होंने कहा, ‘समाज में बदलाव लाने के लिए हमें नरेंद्र मोदी का साथ देना चाहिए।’ ब्रिटिश शासन के खिलाफ 1857 की लड़ाई को याद करते हुए सिंह ने कहा कि ‘नए आंदोलन’ के लिए सिर्फ 90 दिन का समय शेष रह गया है। वह आगामी चुनावों का जिक्र कर रहे थे।
राजनीति में आने के अपने प्रयास को उचित ठहराते हुए उन्होंने एक मशहूर कविता की पंक्तियों का पाठ किया और कहा कि जो लोग ‘निष्पक्ष’ हैं उनका भी इतिहास आंकलन करेगा क्योंकि बदलाव की इस अहम लड़ाई में हिस्सा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘मैं कई महत्वपूर्ण पदों पर रहा। इन वर्षों में मैं खतरों से भी खेलता रहा।’
29 नवंबर 1955 को मेरठ जिले के बसौली गांव में जन्मे सत्यपाल सिंह आईपीएस में सलेक्ट होने से पहले वैज्ञानिक बनना चाहते थे। सिंह ने रसायन विज्ञान में स्नातकोत्तर और फिर एमफिल की भी उपाधि हासिल की है। ऑस्ट्रेलिया से प्रबंधन में एमबीए करने के बाद सिंह ने पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन में एमए और पीएचडी भी हासिल की। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.