चुनाव प्रचार पर इतना खर्च होगा तो भ्रष्टाचार बढ़ेगा: अखिलेश

लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली करारी हार के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को फिर दोहराया कि उनकी पार्टी भाजपा से प्रचार के मामले में पिछड़ गई।

चुनाव प्रचार पर इतना खर्च होगा तो भ्रष्टाचार बढ़ेगा: अखिलेश

लखनऊ : लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को मिली करारी हार के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को फिर दोहराया कि उनकी पार्टी भाजपा से प्रचार के मामले में पिछड़ गई।

मुख्यमंत्री ने विधानसभा में वित्तीय वर्ष 2014-15 के आम बजट पर हुई चर्चा का आज सदन में जवाब देते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहाकि यह पहला चुनाव हुआ है जिसमें मीडिया के हर माध्यमों पर प्रचार हुआ। प्रचार पर इतना खर्चा होगा तो भ्रष्टाचार बढ़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा ने विकास की बात भले की हो पूरा चुनाव कम्यूनल एजेंडे पर लडा गया है।

यह कहते हुए कि हमारी सरकार ने काम तो बहुत किया मगर हम प्रचार में पिछड़ गए अखिलेश ने केंद्र में सत्तारूढ भाजपा सरकार पर चुटकी लेते हुए ट्वीटर के बढ़ते उपयोग पर कहा कि गांव में कितने लोग जानते हैं कि ट्विटर क्या है। ट्वीट का मतलब क्या होता है। उन्‍होंने कहा कि एक पत्रकार ने बताया कि ट्वीट का मतलब होता है चोंच लड़ाना। उन्होंने भाजपा सदस्यों की ओर देख कर हंसते हुए कहा कि आप के मंत्री ट्विटर पर बात करना चाहते हैं।

अखिलेश ने कहा देश के चुनाव में कानून एवं व्यवस्था बिजली का मुद्दा उठाया गया जो कि राज्य सरकार के विषय हैं और इसी के साथ भाजपा सदस्यों से पूछा बिजली का कोटा कब बढ़वाएंगे।

 

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.