कल से मुंबई में भी दौड़ेगी मेट्रो
Advertisement
trendingNow192350

कल से मुंबई में भी दौड़ेगी मेट्रो

मुंबई मेट्रो तीन साल की देरी के बाद आखिरकार रविवार से यहां वाणिज्यिक संचालन शुरू कर देगी। मेट्रो सेवा के शुरू होने से भागते जीवन वाले इस महानगर में लोगों को राहत मिलेगी जहां उपनगरीय रेल सेवा हर दिन 70 लाख लोगों के सफर का जरिया बनती है।

मुंबई : मुंबई मेट्रो तीन साल की देरी के बाद आखिरकार रविवार से यहां वाणिज्यिक संचालन शुरू कर देगी। मेट्रो सेवा के शुरू होने से भागते जीवन वाले इस महानगर में लोगों को राहत मिलेगी जहां उपनगरीय रेल सेवा हर दिन 70 लाख लोगों के सफर का जरिया बनती है।
मुंबई मेट्रो वन प्राइवेट लिमिटेड (एमएमओपीएल) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अभय मिश्र ने आज कहा कि परियोजना के पहले चरण, 11.4 किलोमीटर लंबे वर्सोवा-अंधेरी-घाटकोपर विस्तार पर कल से मेट्रो चलनी शुरू हो जाएगी और हर चार मिनट के अंतर पर ट्रेनें मिलेंगी।
कल भाजपा के सांसद किरीट सोमैया ने ‘बलपूर्वक’ मेट्रो सेवा शुरू करने की धमकी दी थी। इसके बाद आज संचालक ने मेट्रो सेवा शुरू करने से जुड़ी घोषणा की। ऐसे शहर में जहां लोग उपनगरीय ट्रेनों के डिब्बों में दरवाजों और खिड़कियों से खतरनाक ढंग से चिपककर सफर करते हैं, वहां मेट्रो लोगों को एक नया यात्रा अनुभव देगी।
कंपनी ने कहा कि वह हर दिन 200 से 250 ट्रेनें चलाएगी, जिनमें 11 लाख यात्री सफर कर सकेंगे। हर डिब्बे में 375 यात्री सवार हो सकते हैं जबकि पूरी ट्रेन की यात्री क्षमता 1500 है।
मुंबई में पहले से ही मोनोरेल सेवा काम कर रही है। यहां चार महीने पहले एक फरवरी को उपनगरीय चेंबूर और वडाला इलाकों के बीच देश की पहली मोनोरेल चलनी शुरू हुई थी। मेट्रो सेवा में एक तरफ के सफर के लिए न्यूनतम टिकट 10 रुपए का जबकि अधिकतम टिकट 40 रुपए का होगा।
एमएमओपीएल रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, वेयोलिया ट्रांसपोर्ट और मुंबई महानगर प्रदेश विकास प्राधिकरण द्वारा गठित एक संयुक्त उद्यम कंपनी है। गुरूवार को रेलवे बोर्ड ने मेट्रो सेवा शुरू करने की मंजूरी दी थी।

(एजेंसी)

Trending news