Advertisement
trendingNow1490163

बम विस्फोट से दहली कोलंबिया पुलिस एकेडमी, 10 लोगों के मौत की पुष्टि

कोलंबिया के राष्ट्रपति इवान डुक ने ट्वीट किया, ‘‘सभी कोलंबियाई आतंकवाद के खिलाफ हैं और इसके विरुद्ध लड़ाई में एकजुट हैं.’’ हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाने का संकल्प लेते हुए डुक ने कहा, ‘‘कोलंबिया दु:खी हैं.

फोटो साभार : Reuters
फोटो साभार : Reuters

बोगोटा : बोगोटा में एक पुलिस कैडेट प्रशिक्षण अकादमी में गुरुवार को एक वाहन बम हमले में 10 लोगों की मौत हो गई और 65 अन्य घायल हो गए. यह कोलंबिया की राजधानी में पिछले 16 साल में हुआ सबसे भीषण हमला है. रक्षा मंत्रालय ने बताया कि विस्फोटकों से भरे एक वाहन का इस्तेमाल करके ‘‘आतंकवादी हमला’’ किया गया. वाहन में 80 किलोग्राम विस्फोटक था.

राष्ट्रपति इवान ने किया ट्वीट
कोलंबिया के राष्ट्रपति इवान डुक ने ट्वीट किया, ‘‘सभी कोलंबियाई आतंकवाद के खिलाफ हैं और इसके विरुद्ध लड़ाई में एकजुट हैं.’’ हमले के लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय के दायरे में लाने का संकल्प लेते हुए डुक ने कहा, ‘‘कोलंबिया दु:खी है, लेकिन हिंसा के आगे सिर नहीं झुकाएगा.’’ अधिकारियों ने हमलावर के मारे जाने की पुष्टि की है. उसने जनरल फ्रांसिस्को डी पाउला सेंटेंडर ऑफिसर स्कूल में कैडेट के प्रोन्नति समारोह के दौरान हमला किया.

स्कूल परिसर में वाहन लेकर घुसे संदिग्ध
अभी तक किसी ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन सरकारी अभियोजक नेस्टर हमबर्तो मार्टिनेज ने संदिग्ध के तौर पर जोस अल्दामेर रोजस रोड्रिगेज का नाम लिया है. मार्टिनेस ने कहा कि रोजस रोड्रिगेज सुबह साढ़े नौ बजे स्कूल परिसर में वाहन लेकर घुसा. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि ‘‘इस आतंकवादी कृत्य के लिए जिम्मेदार लोगों का पता लगाने’’ के लिए जांच शुरू की गई है.

Add Zee News as a Preferred Source

अमेरिका ने की हमले की निंदा
इक्वाडोर के राष्ट्रपति लेनिन मोरेनो ने बताया कि मृतकों में उनके देश का भी एक कैडेट है और एक अन्य कैडेट मामूली रूप से घायल हुआ है. लातिन अमेरिकी मामलों के लिए अमेरिका के सहायक विदेश मंत्री किमबर्ली ब्रीएर ने हमले की निंदा की और पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट की. बोगोटा में अमेरिका के दूतावास ने हमले की जांच में मदद करने की पेशकश की है. 

About the Author
author img
Zee News Desk

Zee News Desk, रिपोर्टिंग और डेस्क टीम का एक मजबूत हिस्सा है, जो आपके लिए विश्‍वसनीय खबरें पेश करता है.  

...और पढ़ें

TAGS

Trending news