)
दुबईः श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप टी-20 टूर्नामेंट के मुख्य चरण के शुरुआती मुकाबले में शनिवार को 59 गेंद बाकी रहते आठ विकेट से अफगानिस्तान ने श्रीलंका टीम से जीत दर्ज की. जीत के बाद अफगानिस्तान के कप्तान मोहम्मद नबी ने कहा है कि इस कामयाबी से टीम का मनोबल काफी बढ़ेगा. अफगानिस्तान ने श्रीलंका की पारी को 19.4 ओवर में 105 रन पर समेटने के बाद सिर्फ 10.1 ओवर में दो विकेट के नुकसान पर अपना लक्ष्य हासिल कर लिया.
श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया
मैन ऑफ द मैच फजलहक फारुकी (11 रन पर तीन विकेट) ने पहले ओवर में ही दो विकेट लेकर श्रीलंका को बैकफुट पर धकेल दिया. इसके बाद श्रीलंका की टीम उबर नहीं पाई और धराशाई होती चली गई. नबी ने मैच के बाद अवार्ड समारोह में गेंदबाजों की तारीफ करते हुए कहा, ‘‘हमारे खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया खासकर तेज गेंदबाज फारूकी ने. पहले गेंदबाजी करने का मेरा फैसला सही साबित हुआ. हमने मैच से पहले योजना बनायी थी, और योजना के मुताबिक गेंदबाजी करने का फायदा भी मिला.’’
हम आक्रामक गेंदबाजी करना पसंद करते है
नबी ने कहा, ‘‘अगर हमारे गेंदबाजों को स्विंग मिलता है, तो हम आक्रामक गेंदबाजी करना पसंद करते है. सलामी बल्लेबाजों ने आत्मविश्वास लबरेज होकर बल्लेबाजी कर टीम का काम आसान कर दिया.’’ मैच में चार ओवर में 14 रन खोकर दो विकेट लेने वाले नबी ने कहा कि इस जीत से हमारा मनोबल ऊंचा हुआ है और हम अगले मैच में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे.’’ मैन ऑफ द मैच फारुकी ने कहा, ‘‘यह मुल्क के लिए बड़ी जीत है. नई गेंद से मेरी योजना टीम को शुरूआती कामयाबी दिलाने की थी.’’ उन्होंने कहा कि मैं आखिरी ओवरों में यॉर्कर गेंद भी डाल सकता हूं.
हमें पिच और हालात के मुताबिक खेलना होगा
वहीं, श्रीलंका के कप्तान दासून शनाका ने कहा कि उनकी टीम को अगले मैच में बड़ी जीत दर्ज करने पर ध्यान देना होगा. उन्होंने कहा, ‘‘बल्लेबाजी इकाई के तौर पर हमें पिच और हालात के मुताबिक खेलना होगा.’’ उन्होंने कहा कि पिच पर घास थी और हमारे स्पिनरों को मदद नहीं मिली लेकिन अफगानिस्तान के स्पिनरों ने अच्छी गेंदबाजी की और हमने कुछ खराब शॉट खेले.’’ उन्होंने कहा, ‘‘टी-20 क्रिकेट में ऐसा (बल्लेबाजी इकाई का विफल होना) हो सकता है, और हमें अगले चरण में क्वालीफाई करने पर अगली मैच को बड़े मार्जिन से जीतने की कोशिश करनी होगी.
ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें zeesalaam.in