)
Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र विधानसभा इलेक्शन की तैयारियों के बीच शिवसेना (यूबीटी) के इकलौते मुस्लिम कैंडिडेट हारून खान ने आज यानी 17 नवंबर को मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की. उन्होंने शिवलिंग पर जल चढ़ाकर भगवान की आरती उतारी. इस दौरान, पुजारी ने उनके माथे पर टीका भी लगाया. उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद अपने समर्थकों के साथ आसपास के इलाकों का दौरा कर लोगों से बातचीत की.
गणपति की करते हैं आरती
इस बीच, उन्होंने लोगों का अभिवादन भी किया। महाराष्ट्र के चुनावी माहौल के बीच हारून खान के मंदिर जाने ने सूबे में सियासी हलचल तेज हो गई है. हारून खान के बारे में बताया जाता है कि वो गणपति की आरती भी करते हैं और संस्कृत के श्लोक का उच्चारण भी करते हैं. शिवसेना (यूबीटी) ने इस बार उन्हें वर्सोवा से चुनावी मैदान में उतारा है. सियासी नजर से वर्सोवा हाईप्रोफाइल सीट है. यहां सिर्फ मुस्लिमों को रिझाकर जीत का परचम लहरा पाना मुश्किल है.
उद्धव ने बनाया अपना उम्मीदवार
उद्धव ठाकरे ने हारून को अपने आवास मातोश्री बुलाकर उन्हें कैंडिडेट बनाने का फैसला किया. बीते दिनों ऑल इंडिया उलेमा बोर्ड ने महाविकास अघाड़ी को महाराष्ट्र विधानसभा इलेक्शन में मुस्लिम समुदाय को टिकट देने को कहा था. हारून खान उद्धव ठाकरे के बेहद करीबी और विश्वासपात्र माने जाते हैं. यह उसी का फल है कि उद्धव ठाकरे ने इस बार महाराष्ट्र के चुनावी दंगल में हारून खान को अपना जौहर दिखाने का मौका दिया है.
महाराष्ट्र में कब है मतदान
वर्सोवा विधानसभा में करीब 1 लाख 10 हजार वोटर्स हैं. ऐसे में उद्धव ठाकरे ने एआईएमआईएम और बीजेपी की रणनीति को भेदते हुए हारून खान पर दांव चला है. हारून पिछले 30 सालों से शिवसेना के लिए निष्ठापूर्वक काम कर रहे हैं. एकनाथ शिंदे द्वारा बगावत का बिगुल फूंके जाने के बावजूद वो उद्धव ठाकरे के साथ ही खड़े रहे. महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीट पर 20 नवंबर को मतदान है और नतीजों की घोषणा 23 नवंबर को होगी.