)
Bihar Hooch Tragedy: बिहार में शराबबंदी है. शराब पीने और बेचने दोनों पर बैन है, फिर भी बिहार में हर जगह छलक रहा जहरीला जाम है. जी हां, राज्य से आए दिन जहरीली शराह पीने से किसी ना किसी की मौत होती रहती है. शराब पीने से मरने वालों की खबरें भी खूब आती रहती हैं. अब सीवान में 26 लोगों की मौत शराब पीने से हो गई है. वहीं, छपरा में 6 लोगों की जान चली गई. इन सबके बीच सवाल ये है कि आखिर बिहार में ये कैसी शराबबंदी है? जो लोगों की जिंदगी को छिन रही है.
सीवान में संदिग्ध परिस्थिति में 20 लोगों की मौत
सीवान में संदिग्ध परिस्थिति में 20 लोगों की मौत के बाद कई गांवों में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. अलग अलग गांव में शव आने का सिलसिला जारी है. किसी के दरवाजे पर शव पड़ा हुआ है तो कोई अंतिम संस्कार के लिए लेकर जा रहा है. भगवानपुर थाना क्षेत्र के धर्मराज गांव में शव पहुंचते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई. इस गांव के 2 लोगों की मौत हो गई हैं. मृतक में अमित प्रसाद और अरुण सिंह शामिल है. अमित की पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. अमित की एक बेटी और 2 बेटे हैं, जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है.
परिजनों ने कहा कि जहरीली शराब पीकर घर पर आए और उनकी तबियत बिगड़ गई. जिसके बाद उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया. जहां मौत हो गई. परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है. हालांकि, प्रशासन ने शराब से मौत की अभी पुष्टि नहीं की हैं. प्रशासन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने का इंतजार कर रहा है. वहीं, प्रशासन ने 9 लोगों को गिरफ्तार भी किया है.
छपरा में 6 लोगों की मौत
छपरा के मशरक थाना के ब्राहिमपुर गाव में जहरीली शराब पीने से 3 लोगों की मौत से गांव में मातम पसरा है. लोग अपने परिजनों के शव का अंतिम संस्कार व्यथित मन से कर रहे है. ब्राहिमपुर गांव के इमामुद्दीन, शमसाद अंसारी और शम्भू सिंह की मौत हुई है. वहीं, अलग अलग जगह से 3 अन्य लोगों में सुंदरपुर, गंडामन और मढौरा के चकदह में एक एक कुल 6 लोगों की मौत हुई. शराबबन्दी को महिलाओं ने जमकर कोसा और कहा कि सरकार के सभी दावे फेल है और घर घर शराब बिक और मिल रही है.
सीवान से अमित सिंह और छपरा से राकेश कुमार सिंह की रिपोर्ट
बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें!यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी.बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार.जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!