भाजपा ने दिल्ली विस चुनाव प्रचार में दिग्गजों को उतारा
Advertisement
trendingNow1246711

भाजपा ने दिल्ली विस चुनाव प्रचार में दिग्गजों को उतारा

भाजपा ने सात फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के कड़े मुकाबले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से लेकर कई सारे केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव प्रचार करने और मतदाताओं को रिझाने के लिए आज उतार दिया।

नई दिल्ली : भाजपा ने सात फरवरी को होने वाले दिल्ली विधानसभा चुनाव के कड़े मुकाबले के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से लेकर कई सारे केंद्रीय मंत्रियों को चुनाव प्रचार करने और मतदाताओं को रिझाने के लिए आज उतार दिया।

मोदी ने दक्षिण पश्चिम दिल्ली के द्वारका में आज लोगों से अपनी पार्टी के समर्थन में मतदान करने को कहा। उन्होंने आम आदमी पार्टी को आड़े हाथ लिया जिसने इस चुनावी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है।

चुनाव प्रचार के अपने आखिरी दौर में प्रवेश करने पर केंद्रीय मंत्री अरूण जेटली, वेंकैया नायडू और रवि शंकर प्रसाद ने कई रैलियों को संबोधित किया, जहां उन्होंने मुख्य रूप से अपनी प्रमुख प्रतिद्वंद्वी आप को निशाना बनाते हुए दिल्ली में एक स्थिर सरकार के लिए लोगों का समर्थन मांगा।

रैलियों के अलावा, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और निर्मला सीतारमण ने एक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया जिसमें उन्होंने आप और इसके नेता अरविंद केजरीवाल को कई मुद्दों पर आड़े हाथ लिया। पिछले 16 साल से भाजपा दिल्ली में सत्ता से बाहर है। यह पिछले विधानसभा चुनाव में बहुमत से पांच सीट दूर थी।

भाजपा नेता प्रभात झा, शाहनवाज हुसैन और कृष्णपाल गुज्जर ने भी कई रैलियों को संबोधित कर पार्टी के लिए स्पष्ट बहुमत मांगा। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश उपाध्याय, पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी और हाल ही में भाजपा में शामिल हुई आप की पूर्व नेता शाजिया इल्मी ने भी बाहरी तथा उत्तर पूर्व दिल्ली में मतदाताओं को रिझाने के लिए कई रैलियां की।

केंद्रीय मंत्री बाबुल सुप्रियो और राधा मोहन सिंह भी दिन में विभिन्न स्थानों पर पार्टी के लिए प्रचार में व्यस्त रहें। भाजपा के फीके चुनाव प्रचार पर पार्टी अध्यक्ष अमित शाह द्वारा नाराजगी जाहिर किए जाने के बाद भाजपा ने दिग्गजों को चुनाव प्रचार के लिए उतारा है। सूत्रों ने बताया कि शाह ने चुनाव प्रचार की कमान अपने हाथों में ले ली है और 14 केंद्रीय मंत्रियों सहित 13 राज्यों के 120 सांसदों तथा सैकड़ों पार्टी कार्यकर्ताओं को चुनाव प्रचार के लिए उतारा है।

Trending news