)
Dungarpur News: राजस्थान के डूंगरपुर जिले की साइबर थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाली अंतर्राज्यीय गैंग के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी ने देश के कई राज्यों में ठगी की वारदात को अंजाम दिया. टेलीग्राम मैसेंजर एप से टिकट बुकिंग टास्क पूरा करने पर बड़ा मुनाफा कमाने के नाम पर ठगी की वारदात की गई थी. पुलिस उसके साथियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है.
साइबर थानाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि विशाल पुत्र गजानंद मेहता निवासी माल ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. इसमें बताया था कि 21 मार्च को उसके टेलीग्राम मैसेंजर ऐप से टिकिट बुकिंग का टास्क पूरा करने पर बड़ा मुनाफा कमाने के नाम पर ठगी की. ठग ने 16 लाख 85 हजार 713 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई.
इस पर एसपी मोनिका सेन ने साइबर थाना पुलिस को जांच करते हुए बदमाशो को पकड़ने के निर्देश दिए. थानाधिकारी सुनील कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मदनलाल, कांस्टेबल मगन, महेंद्र कुमार, चुन्नीलाल, हिमांशु जादू और हेमेंद्र सिंह की टीम ने जांच शुरू कर दी. पुलिस ने बदमाशो के फ्रॉड से जुड़े बैंक डिटेल खंगाले, जिससे बदमाशो की कड़िया जुड़ती है और कई नई जानकारियां मिली.
पुलिस ने खाताधारक मोहम्मद उमेर खान पठान (24) पुत्र राशिद खान पठान निवासी फतेहपुरा जिला बड़ोदरा गुजरात को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मुनीब ओर अल्ताफ के साथ मिलकर गेमिंग ऐप पर इन्वेस्ट से पैसे कमाने के नाम अपर ठगी करने की वारदात कबूल कर ली.
मोहम्मद उमेर खान पठान के नाम पर खाता खुलवाया था. उसके खाते की पासबुक, एटीम समेत पूरी कीट मुनीब ने ले लिया था. खाते की एवज में उसे 25 हजार रुपये देना तय किया था. कमिशन की राशि मुनीब कैश देता था. पुलिस मामले में सहयोगी मुनीब की तलाश कर रही है. आरोपियों ने राजस्थान समेत गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार समेत कई राज्यों में लोगो से बड़ा मुनाफा कमाने के नाम पर ऑनलाइन ठगी की वारदात को कबूल कर लिया है. फिलहाल पुलिस मामले में पूछताछ कर रही है.