हाईटेक होगी भारत-पाक की सीमा सुरक्षा, बॉर्डर को किया जाएगा सील!
Advertisement
trendingNow1305632

हाईटेक होगी भारत-पाक की सीमा सुरक्षा, बॉर्डर को किया जाएगा सील!

नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के सफाये के लिए किए गए सेना के लक्षित हमले (सर्जिकल स्‍ट्राइक) के बाद दोनों देशों के बीच उपजे तनाव के बीच भारत-पाक की सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।

हाईटेक होगी भारत-पाक की सीमा सुरक्षा, बॉर्डर को किया जाएगा सील!

नई दिल्‍ली : नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में आतंकियों के सफाये के लिए किए गए सेना के लक्षित हमले (सर्जिकल स्‍ट्राइक) के बाद दोनों देशों के बीच उपजे तनाव के बीच भारत-पाक की सीमा सुरक्षा को और मजबूत करने की तैयारी की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, भारत-पाक की सीमा सुरक्षा को हाईटेक किया जाएगा। सूत्रों के हवाले से बताया गया कि भारत-पाक बॉर्डर को सील किया जाएगा। 9-10 महीने में सीमा को सील करने का काम किया जाएगा। आतंकी घुसपैठ की बढ़ती घटनाओं के बीच भारत-पाक सीमा पर सेंसर, लेजर वॉल बनाई जाएगी। सूत्रों के अनुसार,
घुसपैठ रोकने के लिए सीमा के कई इलाकों में उंची दीवारें बनाई जाएंगी। वहीं, सीमा पर फेंसिंग को पहले से अधिक हाईटेक किया जाएगा।  

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह उरी आतंकी हमले और लक्षित हमले के बाद पाकिस्तान के साथ जारी तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे राजस्थान, पंजाब, जम्मू कश्मीर और गुजरात के सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए शुक्रवार सुबह दो दिन के दौरे पर जैसलमेर पहुंचे। इस समय राजनाथ सिंह जैसलमेर में बैठक कर रहे हैं, जिसमें बीएससफ के कई अधिकारी भी शामिल हैं। इस बात की संभावना है कि इस बैठक के दौरान सीमा पर सुरक्षा के बंदोबस्‍त बढ़ाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी। गृह मंत्री जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती, गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पंजाब के उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल भारत-पाक सीमा को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद, राजनाथ जैसलमेर जिले से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में स्थित सीमा सुरक्षा बल की सीमा चौकी पर भी जा सकते हैं। सिंह अगले दिन यानी आठ अक्‍टूबर को मुनाबाव (बाडमेर) पहुंच कर अंतरराष्ट्रीय सीमावर्ती इलाके में हालात का जायजा लेंगे।

गौर हो कि बीते कुछ माह में पंजाब और जम्मू कश्मीर में सीमा के रास्ते आतंकवादियों की घुसपैठ की कई घटनाएं देखी गई हैं। वहीं राजस्थान और गुजरात में सीमापार से सामान, नारकोटिक्स और जाली भारतीय नोटों की तस्करी होती है। भारत पाकिस्तान के बीच 3323 किलोमीटर लंबी सीमा में से 1225 किलोमीटर जम्मू कश्मीर में (नियंत्रण रेखा समेत), 553 किलोमीटर पंजाब में, 1037 किलोमीटर राजस्थान में और 508 किलोमीटर गुजरात में पड़ती है।

Trending news