जरूरी नहीं नई दिल्ली हमेशा वाशिंगटन का समर्थन करे: ब्लैक

दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री रॉबर्ट ब्लैक ने कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर 21वीं सदी की दिशा व दशा को प्रभावित कर सकते हैं।

वाशिंगटन : अमेरिका के एक शीर्ष अधिकारी ने कहा है कि भारत के साथ रणनीतिक वार्ता से दोनों देश नजदीक आए हैं, लेकिन वाशिंगटन भारतीय पक्ष से अपने रुख का हमेशा समर्थन करने की उम्मीद नहीं करता बल्कि नई दिल्ली की सामरिक स्वायत्तता को स्वीकार करता है। दक्षिण एवं मध्य एशिया मामलों के सहायक विदेश मंत्री रॉबर्ट ब्लैक ने कहा कि अमेरिका और भारत मिलकर 21वीं सदी की दिशा व दशा को प्रभावित कर सकते हैं।
वाशिंगटन स्थित एक प्रतिष्ठित विचार समूह को अपने संबोधन में ब्लैक ने कहा कि तीसरे चरण का भारत-अमेरिका रणनीतिक संवाद 13 जून को प्रस्तावित है। विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा और उनकी अमेरिकी समकक्ष हिलेरी क्लिंटन इस संवाद में अपने-अपने देशों का प्रतिनिधित्व करेंगे।
ब्लैक ने कहा कि रणनीतिक संवाद से दोनों देश नजदीक आए हैं और दोनों के बीच व्यापार एवं कारोबारी रिश्तों में भी सुधार हुआ है। ब्लैक ने स्वीकार किया कि भारत के साथ रणनीतिक वार्ता दूसरों से अलग है और अमेरिका यह उम्मीद नहीं करता कि नई दिल्ली हमेशा वाशिंगटन के रुख का समर्थन करे। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.