भारतीय मछुआरों के मुद्दे पर पीएम से पहल की मांग

पाकिस्तान के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के आस पास भारतीय मछुआरों के पाकिस्तानी बलों द्वारा पकड़े जाने के बढ़ते मामलों के बीच नेशनल फिश वर्कर्स फोरम ने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा है।

अहमदाबाद : पाकिस्तान के साथ लगती अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा के आस पास भारतीय मछुआरों के पाकिस्तानी बलों द्वारा पकड़े जाने के बढ़ते मामलों के बीच नेशनल फिश वर्कर्स फोरम ने प्रधानमंत्री को एक पत्र लिखा है।
फोरम ने प्रधानमंत्री से कहा है कि वह मछुआरों की इस समस्या के समाधान के लिये कुछ करें।
फोरम के राष्ट्रीय सचिव मनीष लोधारी ने कहा कि हमने प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री को पत्र लिखा है जिसमें उनसे भारतीय मछुआरों के अपहरण की समस्या के समाधान की मांग की गयी है। प्रधानमंत्री को 15 मार्च को लिखे गये इस पत्र की प्रतिलिपि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को भी भेजी गयी है।
लोधारी ने बताया कि उनकी प्रमुख मांग भारत और पाकिस्तान के मछुआरों के लिये एक साझा मत्स्यपालन क्षेत्र बनाना है।
उनका कहना है कि इस क्षेत्र के गठन से दोनों देशों के मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा में मुक्त रूप से मछलियां पकड़ने की अनुमति मिल सकेगी।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय जल सीमा में मछली पकड़ने का लाइसंेस जारी किए जाने की भी मांग की गई है । मछुआरों की मांग है कि दोनों देशों द्वारा पकड़े गए मछुआरों को जांच के बाद छोड़ दिया जाना चाहिए ।
पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेंसी ने करीब 500 नावों को हिरासत में ले रखा है। साथ ही 150 से अधिक भारतीय मछुआरे पाकिस्तान की जेलों में कैद हैं। लोधारी ने कहा कि भारतीय जेलों में भी 200 पाकिस्तानी मछुआरे हैं और 100 पाकिस्तानी नावें भारत की हिरासत में हैं। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.