भाजपा में दो ही व्यक्तियों के अच्छे दिन : दिग्विजय सिंह
Advertisement
trendingNow1227634

भाजपा में दो ही व्यक्तियों के अच्छे दिन : दिग्विजय सिंह

कांग्रेस महासचिव एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अमित शाह को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने पर उन्हें (शाह) बधाई दी और तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में दो ही व्यक्तियों के अच्छे दिन आये हैं, उनमें से एक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं और दूसरे अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष।

भाजपा में दो ही व्यक्तियों के अच्छे दिन : दिग्विजय सिंह

ज़ी मीडिया ब्यूरो

गुना (मप्र) : कांग्रेस महासचिव एवं मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने अमित शाह को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने पर उन्हें (शाह) बधाई दी और तंज कसते हुए कहा कि भाजपा में दो ही व्यक्तियों के अच्छे दिन आये हैं, उनमें से एक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं और दूसरे अमित शाह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष।

सिंह मध्यप्रदेश में किसानों की समस्याओं और व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) में कथित तौर पर हुए घोटाले को लेकर 7 जुलाई से यहां कलेक्टर कार्यालय के समक्ष एक सप्ताह की भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने बुधवार को धरनास्थल पर संवाददाताओं से कहा, ‘भाजपा में दो ही व्यक्तियों के अच्छे दिन आये हैं, एक नरेन्द्र मोदी और दूसरे अमित शाह के।’

उन्होंने गृह मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को भी बधाई देते हुए कटाक्ष किया कि बैंक घोटाले में भ्रष्टाचार के आरोपी और फर्जी एनकाउंटर के साथ-साथ महिला की जासूसी करवाने वाले अमित शाह से बेहतर भाजपा का कोई अध्यक्ष नहीं हो सकता है। सिंह ने कहा कि आज जब शाह को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, तो भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज एवं राजनाथ सिंह पर क्या बीत रही होगी, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती।

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने पार्टी कार्यकर्ताओं पर आज यहां उस समय हल्का बल प्रयोग किया, जब वे गुना के कलेक्टर को किसानों की मांगों के संबंध में एक ज्ञापन सौंपने जा रहे थे। इस बल प्रयोग में जिला कांग्रेस अध्यक्ष योगेन्द्र सिंह सहित छह लोग घायल हुए हैं। दिग्विजय सिंह एवं उनके विधायक बेटे जयवर्धन सिंह ने पुलिस द्वारा इस बल प्रयोग की कड़ी निन्दा की है।

सिंह ने कहा, ‘हमारा धरना 13 जुलाई तक जारी रहेगा और हम किसानों के हक की लड़ाई लड़ते रहेंगे। हमारी लड़ाई कोई राजनैतिक नहीं है, बल्कि किसानों के संबंधित समस्याओं से है।’ उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार अपने को किसान हितैषी बताती है, लेकिन वह किसानों की समस्याओं को दूर नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार की उसके प्रशासन पर पकड़ बिल्कुल भी नहीं है।

सिंह ने आरोप लगाया कि संपूर्ण जिला प्रशासन भ्रष्टाचार में आकंठ डूबा हुआ है। एक ओर जहां किसान पहले ही ओलावृष्टि से पीड़ित हैं और प्रशासन की लापरवाही के कारण उन्हें आज तक मुआवजा नहीं मिला है। वहीं दूसरी ओर वह प्रशासन से किसी भी काम को करवाने के लिए रिश्वत देने को लाचार हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक त्रुटियों के कारण आज भी सैकड़ों किसान बैंकों के चक्कर काट रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों के हक की लड़ाई यदि प्रशासन नहीं सुनेगा, तो कांग्रेस उच्च न्यायालय एवं उच्चतम न्यायालय तक इसकी लड़ाई लड़ेगी और किसानों को उनका हक दिलाकर ही सांस लेगी। पूर्व सांसद एवं मध्यप्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह सहित प्रदेश से अनेकों वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता इस धरना आंदोलन में शामिल हुए।

Trending news