केजरीवाल ने संभाला मोर्चा, पहले ही दिन 9 अफसरों पर गिराई गाज

दिल्ली की कांग्रेस मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर दिल्ली के 7वें मुख्यमंत्री बनने वाले आम आदमी पार्टी ने संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शपथ लेने के तुरंत बाद ही काम काज संभालते हुए नौ अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। उन्होंने पहले दिन 6 घंटे काम किया।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली: दिल्ली की कांग्रेस मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को हराकर दिल्ली के 7वें मुख्यमंत्री बनने वाले आम आदमी पार्टी ने संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शपथ लेने के तुरंत बाद ही काम काज संभालते हुए नौ अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। उन्होंने पहले दिन 6 घंटे काम किया।
सीएम का पद संभालने के कुछ घंटों बाद ही केजरीवाल ने दिल्ली जल बोर्ड के प्रमुख देबाश्री मुखर्जी का ट्रांसफर कर दिया। मुखर्जी को दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन में भेजा गया है। आठ और आईएएस अधिकारी का भी तबादला कर दिया। हालांकि तबादल के पीछे का कारण नहीं पता चल सका है लेकिन माना जा रहा है कि दिल्ली जल बोर्ड में व्यापक भ्रष्टाचार के कारण ही तबादले किए गए हैं।
पहले ही दिन कई विभागों के अधिकारियों के साथ मंथन कर केजरीवाल ने साफ कर दिया कि वे राजधानी में साफ सुथरी सरकार चलाना चाहते हैं। सबसे ज्यादा जोर केजरीवाल ने लाल बत्ती पर दिया। साफ कहा कि वे अपनी सरकार और अधिकारियों को इससे दूर रखना चाहते हैं।
केजरीवाल पहले ही दिन उन सभी वादों और बातों को पूरा करने में जुट गए जो उन्होंने जनता से किए थे। मुख्यमंत्री बनने से ठीक पूर्व बढ़े सीएनजी और पीएनजी के दामों को लेकर उन्होंने इन्द्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के अधिकारियों के साथ बैठक की। ऐसे संकेत सामने आ रहे हैं कि सीएनजी और पीएनजी के बढ़े हुए दाम कम हो सकते हैं। केजरीवाल ने बिजली और पानी की समीक्षा के लिए भी विभागीय अधिकारियों से बातचीत की। इसके बाद केजरीवाल दिल्ली पुलिस के मुखिया बीएस बस्सी से मिले और कानून व्यवस्था पर बातचीत की। केजरीवाल ने बस्सी को साफ कहा कि दिल्ली का हर आम आदमी खुद को सुरक्षित महसूस करे। बस्सी ने भरोसा दिलाया कि ऐसा ही होगा। केजरीवाल महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बेहद संवेदनशील दिखे। बस्सी ने बताया कि वे मुख्यमंत्री के दिए गए निर्देशों को पूरी तरह से लागू करने का काम करेंगे।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.