मेट्रो से मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जाएंगे अरविंद केजरीवाल

शनिवार यानी 28 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके सभी मंत्री मेट्रो से जाएंगे।

ज़ी मीडिया ब्यूरो
नई दिल्ली: शनिवार यानी 28 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनके सभी मंत्री मेट्रो से जाएंगे। दिल्ली के नए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शनिवार को पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह रामलीला मैदान में होगा।
केजरीवाल ने कहा कि वे और उनके मंत्री सुबह कौशांबी से मेट्रो पकड़ेंगे और आयोजन स्थल पहुंचेंगे। केजरीवाल ने यह भी साफ कर दिया है कि इस समारोह के लिए किसी को भी उनकी तरफ से वीआईपी पास नहीं दिया जाएगा। उनका खुद का परिवार भी समारोह में भाग लेने के लिए आम नागरिकों की तरह ही आयोजन स्थल पर पहुंचेगा।
गौर हो कि अरविंद केजरीवाल शनिवार को रामलीला मैदान में दिल्ली के सातवें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। सामाजिक कार्यकर्ता से नेता बने 45 वर्षीय अरविद केजरीवाल शनिवार को रामलीला मैदान में दोपहर 12 बजे एक समारोह में शपथ ग्रहण करेंगे। इसके साथ ही छह अन्य विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। उन्हें संभवत: तीन जनवरी तक बहुमत साबित करने को कहा जाएगा।

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.