Himachal Election: हिमाचल में जीत के बाद राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया, इस नेता को दिया श्रेय

Himachal Pradesh Election Results 2022: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस 68 सदस्यीय विधानसभा में 26 सीट जीत चुकी है और 13 सीट पर आगे है. 

Written by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Dec 8, 2022, 07:09 PM IST
  • राहुल ने किया हिमाचल की जनता का धन्यवाद
  • कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को दिया जीत का श्रेय
Himachal Election: हिमाचल में जीत के बाद राहुल गांधी की पहली प्रतिक्रिया, इस नेता को दिया श्रेय

नई दिल्ली: Himachal Pradesh Election Results 2022: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत पर प्रदेश की जनता का धन्यवाद करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि जनता से किया हर वादा जल्द से जल्द निभाया जाएगा. 

राहुल ने किया हिमाचल की जनता का धन्यवाद

उन्होंने ट्वीट किया कि हिमाचल प्रदेश की जनता को इस निर्णायक जीत के लिए दिल से धन्यवाद. सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और नेताओं को हार्दिक बधाई. आपका परिश्रम और समर्पण इस विजय की शुभकामनाओं का असली हकदार है. फिर से आश्वस्त करता हूं, जनता को किया हर वादा जल्द से जल्द निभाएंगे. 

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के आंकड़ों के मुताबिक समाचार लिखे जाने तक कांग्रेस 68 सदस्यीय विधानसभा में 26 सीट जीत चुकी है और 13 सीट पर आगे है. भाजपा 15 सीट जीत चुकी है और 10 सीट पर आगे है. तीन सीट पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है.

कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को दिया जीत का श्रेय

कांग्रेस के कई नेताओं ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का श्रेय प्रियंका गांधी वाद्रा के चुनाव प्रचार अभियान और रणनीति को दिया. पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने उना, सिरमौर, कांगड़ा और सिरमौर में चुनावी सभाएं की थीं. विधानसभा चुनाव में जीत के बाद प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस को जनादेश देने के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता का दिल से धन्यवाद व अभिवादन. ये जीत हिमाचल की जनता के मुद्दों व उन्नति के संकल्प की जीत है. कांग्रेस पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी ढेर सारी शुभकामनाएं. आपकी मेहनत रंग लाई.’’ 

कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि प्रियंका गांधी ने इस चुनाव में कड़ी मेहनत की. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने कहा कि प्रियंका गांधी ने हिमाचल प्रदेश में पूरी शिद्दत से प्रचार अभियान चलाया.

ये भी पढ़ें- Rampur By Election: आजम के आसिम को आकाश ने चटाई धूल, कर दिया 40 साल के सियासी युग का अंत

Zee Hindustan News App: देश-दुनिया, बॉलीवुड, बिज़नेस, ज्योतिष, धर्म-कर्म, खेल और गैजेट्स की दुनिया की सभी खबरें अपने मोबाइल पर पढ़ने के लिए डाउनलोड करें ज़ी हिंदुस्तान न्यूज़ ऐप.

ट्रेंडिंग न्यूज़