बेहद कीमती हैं मेनहोल के ये ढक्कन, रहते हैं चोरों के निशाने पर

चंडीगढ़ के मैनहोल के हेरिटेज ढक्कन की चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं. जिसकी वजह से स्थानीय प्रशासन पुराने हेरिटेज ढक्कनों को हटाकर उनकी जगह सीमेंट के ढक्कन लगा रहा है.   

Written by - Zee Hindustan Web Team | Last Updated : Jan 4, 2020, 07:07 PM IST
    • बदले जा रहे हैं चंडीगढ़ के हेरिटेड मेनहोल ढक्कन
    • चोरों के निशाने पर हैं ये हेरिटेज ढक्कन
    • अंतरराष्ट्री बाजार में है लाखों की कीमत
बेहद कीमती हैं मेनहोल के ये ढक्कन, रहते हैं चोरों के निशाने पर

चंडीगढ़: मशहूर आर्किटेक्ट ली काबूर्जिए द्वारा डिजाइन किए गए सभी हेरिटेज मेनहोल ढक्कन बदले जा रहें हैं. क्योंकि चोर इन्हें चुराकर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेच रहे थे. जहां इनकी कीमत लाखों में लगाई जा रही है. 

बदले जा रहे हैं 2 हजार ढक्कन
चंडीगढ़ नगर निगम शहर के सभी मेनहोल के ऊपर लगे ढक्कन को हटाकर अपने पास सरंक्षित कर रहा है. इनके स्थान पर कंक्रीट के ढक्कन लगाए जा रहे हैं. चंडीगढ़ के मेयर राजेश कुमार कालिया ने ज़ी मीडिया को जानकारी दी है कि हेरिटेज ढक्कनों के लगातार चोरी हो जाने की वारदातों के कारण निगम ने ऐसे दो हजार हेरिटेज ढक्कन बदलने का प्रस्ताव तैयार किया था,  जिसे सदन में पारित कर दिया गया है. ये ढक्कन नहीं बल्कि चंडीगढ की विरासत है जिसको सरंक्षित करना हमारी ज़िम्मेदारी है. 

इसलिए बेहद खास हैं ये ढक्कन
मेयर ने बताया है कि इन ढक्कनों पर चंडीगढ़ का नक्शा बना हुआ है और इसे विशेष धातु से तैयार किया गया था.   साल 2019 में जनवरी माह में पहले सेक्टर-22 और उसके बाद अक्टूबर माह में एक हेरिटेज ढक्कन चोरी होने का मामला सामने आया था. पूरे शहर में लगभग 2000 हेरिटेज ढक्कन लगे हुए है.  उन्हें हटाकर उनकी जगह कंक्रीट के ढक्कन लगाने का काम शुरू कर दिया गया है. एक ढक्कन बदलने पर करीब 75 लाख रुपये की खर्चा आएगा. 

अंतरराष्ट्रीय बाजार लाखों में बिका है हेरिटेज मेनहोल ढक्कन
चंडीगढ़ के नक्शे को दर्शाता हेरिटेज ढक्कन अंतरराष्ट्रीय बाजार में लाखों में बिका है.  चंडीगढ़ प्रशासन से हेरिटेज प्रोटेकशन सेल ने बताया कि एक ढक्कन का वजन करीब 170 पाउंड है. अब तक लंदन और पेरिस में लाखों रुपये में ये हेरिटेज ढक्कन नीलाम हो चुके हैं. 
साल 2007 में लंदन के बॉनहैम ऑक्शन हाउस में यह मेनहोल ढक्कन 21 हजार 600 डॉलर (करीब दस लाख) में व नवंबर 2010 में पेरिस के आर्टक्यूरियल ऑक्शन हाउस में ऐसा ही ढक्कन 17 हजार 851 यूरो (करीब 11 लाख) में नीलाम हुआ. एक अनुमान के मुताबिक अब तक इस हेरिटेज ढक्कन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में 20 लाख तक पहुंच गई होगी.

ये है हेरिटेड ढक्कन की खासियत
चंडीगढ़ में बने हर मेनहोल के ऊपर लगे हेरिटेज ढक्कन का डिजाइन वर्ष 1951 में ली काबूर्जिए ने बनाया था.  यह ढक्कन विशेष धातु से बना है व इसके उपर चंडीगढ़ का नक्शा बना हुआ है. इस ढक्कन के साथ ली काबूर्जिए द्वारा डिजाइन किया गया फर्नीचर भी चंडीगढ़ से चोरी होकर विदेशों में बिक रहा है, लेकिन प्रशासन उसे रोक पाने में असमर्थ है.  ऐसे में निगम ने मैनहोल के ढक्कन का संरक्षित रखने के लिए उसे बदलने का फैसला किया है. 

ट्रेंडिंग न्यूज़