)
गुरुग्रामः दिल्ली की एक यूट्यूबर नमरा कादिर ( YouTuber Namra Qadir) को एक प्राइवेट कंपनी के मालिक को प्रेम जाल में फंसाकर कथित तौर पर 80 लाख रुपए से ज्यादा की उगाही करने और उसे बलात्कार के मामले में फंसाने की धमकी देने के इल्जाम में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने मंगलवार को बताया कि उसे सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से गिरफ्तार किया गया और मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश करने के बाद उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है. 22 वर्षीय कादिर (Namra Qadir) के वीडियो प्लेटफॉर्म पर छह लाख से भी ज्यादा सब्सक्राइबर हैं. पुलिस ने कहा कि कादिर का पति और सह-आरोपी मनीष उर्फ विराट बेनीवाल अभी पुलिस की पकड़ से फरार है, उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है. कादिर (Namra Qadir) और बेनीवाल दिल्ली के शालीमार बाग के निवासी हैं.
यूट्यूबर पर क्या है इल्जाम ?
गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि बादशाहपुर निवासी दिनेश यादव (21) ने अगस्त में इस संदर्भ में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन दंपति ने अंतरिम जमानत के लिए अदालत का रुख किया था, लेकिन उनकी अंतरिम जमानत रद्द होने के बाद 26 नवंबर को उनके खिलाफ सेक्टर-50 पुलिस थाने में एक एफआईआर दर्ज की गई थी. विज्ञापन एजेंसी चलाने वाले बादशाहपुर के निवासी यादव ने अगस्त में दोनों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. कारोबारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि वह कुछ वक्त पहले सोहना रोड स्थित एक स्टार होटल में काम के सिलसिले में दिल्ली के शालीमार बाग निवासी मुल्जिम के संपर्क में आया था. उसने कादिर को कारोबारी मकसद से 2.5 लाख रुपए दिए थे. बाद में वह दोस्त बन गई और उसने उसे शादी के लिए प्रपोज कर दिया. इस दौरान पीड़िता ने कादिर और विराट के साथ रातें बिताईं और दंपति ने अपने निजी पलों को रिकॉर्ड किया, जिसके आधार पर वे उसे ब्लैकमेल कर रहे थे.
सेक्टर-50 थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार कहा, “कादिर ने प्रारंभिक पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है और कथित दबाव में पीड़ित से लिए गए पैसे और दीगर सामानों की बरामदगी के लिए हमने उसे पुलिस रिमांड पर लिया है. उसके पति और सह-आरोपी मनीष को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.”
Zee Salaam