)
जबलपुरः मध्य प्रदेश के जबलपुर में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे सुनकर किसी भी इंसान का सिर शर्म से झुक जाएगा और ऐसा करने वाले इंसानों से उसे नफरत हो जाएगी. इस घटना में दो भाईयों ने दूसरे शहर से राखी बंधवाने आई अपनी ही चचेरी बहन से न सिर्फ दुष्कर्म किया बल्कि विरोध करने पर उसकी हत्या भी कर दी और जब उसे बचाने उसकी दादी आई तो आरोपियों ने अपनी दादी से भी कथित तौर पर दुष्कर्म किया.
मध्य प्रदेश के जबलपुर में 16 वर्षीय चचेरी बहन और 65 वर्षीय दादी से कथित तौर पर बलात्कार करने के इल्जाम में पुलिस ने दो भाइयों को गुरुवार को गिरफ्तार किया है. घटना के बाद आंतरिक चोटों और रक्तस्राव की वजह से 16 वर्षीय पीड़िता की मौत हो चुकी है.
मौत के बाद लड़की को कर दिया गया था दफन
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिलीप शेंडे ने बताया कि 21-22 साल के दोनों आरोपियों ने हाल ही में रांझी इलाके में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी कथित तौर पर पिटाई की, जिसके बाद 20 अगस्त को इलाज के दौरान पीड़िता की अस्पताल में मौत हो गई थी. अफसर ने कहा, ‘‘मुंबई से रक्षा बंधन के लिए यहां आई नाबालिग लड़की को अविवाहित होने की वजह से दफना दिया गया था. हालांकि उसके पिता को जब अपने भतीजों की गतिविधियों पर शक हुआ, तो उसने रांझी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई.’’
दोनों आरोपी गिरफ्तार
अफसर ने कहा कि पीड़िता की दादी ने पुलिस को बताया कि जब उसने किशोरी से बलात्कार करने से रोकने की कोशिश की तो आरोपी ने उसके साथ भी दुष्कर्म किया था. उन्होंने कहा कि पिता की शिकायत पर प्रशासनिक स्वीकृति के बाद पीड़िता के शव को कब्र से निकलवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. उन्होंने कहा कि आरोपी भाइयों पर भारतीय दंड संहिता और यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोस्को) अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है.
ऐसी ही खबरों के लिए विजिट करें zeesalaam.in