पाकिस्तानी सैनिकों ने एलओसी चौकियों पर गोलीबारी की, जवान घायल
Advertisement

पाकिस्तानी सैनिकों ने एलओसी चौकियों पर गोलीबारी की, जवान घायल

लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के करीब स्थित गांवों और अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया।

जम्मू : लगातार तीसरे दिन शुक्रवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के करीब स्थित गांवों और अग्रिम चौकियों पर पाकिस्तानी सैनिकों की गोलीबारी में सेना का एक जवान घायल हो गया।

पड़ोसी देश के सैनिकों ने पुंछ जिले के सबजियान सेक्टर को पिछले लगातार तीसरे दिन निशाना बनाया जिससे लगता है कि सीमा पार से घुसपैठ कराने की कोशिश हो रही है।

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया, ‘पाकिस्तानी सैनिकों ने शुक्रवार सुबह भारी गोलीबारी की और आरपीजी सहित मोर्टार गोले दागे। पुंछ जिले के सबजियान इलाके में नियंत्रण रेखा के करीब अग्रिम चौकियों और असैन्य इलाकों में रूक रूक कर गोलीबारी चलती रही।’ उन्होंने बताया कि नियंत्रण रेखा की चौकसी कर रहे भारतीय बलों ने जवाबी कार्रवाई की जिससे दोनों पक्षों में भारी गोलीबारी हुई। सेना का एक जवान घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने कहा, ‘आतंकवादियों के मंसूबे को नाकाम करने के लिए नियंत्रण रेखा पर सुरक्षा बढ़ा दी गयी है।’ आज के संघर्षविराम उल्लंघन के साथ ही पिछले छह दिनों में ऐसी 15 घटनाएं हो चुकी हैं। पाकिस्तानी सैनिकों ने गुरुवार को नियंत्रण रेखा के समीप स्वचालित हथियारों, आरपीजी और मोर्टार से रुक-रुक गोलाबारी की थी।

पांच अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने दो बार संघर्षविराम का उल्लंघन किया था और आरपीजी, मोर्टार तथा मशीनगनों से अग्रिम भारतीय चौकियों एवं नागरिक इलाकों को निशाना बनाया था। इसमें एक महिला समेत तीन नागरिक घायल हो गए थे। चार अगस्त को जब पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के चार सेक्टर के कनाचक, परगवाल, तवी और आर एस पुरा में अग्रिम सीमा चौकियों और नागरिक इलकों पर गोलीबारी और गोलाबारी की थी तब एक युवक की मौत हो गयी थी तथा एक बीएसएफ जवान समेत दो अन्य घायल हो गए थे।

दो और तीन अगस्त को पाकिस्तानी सैनिकों ने पुंछ और जम्मू जिलों के कृष्णाघाटी, मंडी, बालाकोट और पल्लनवाला सेक्टरों में नियंत्रण रेखा के समीप अग्रिम चौकियों पर छोटे हथियारों से हमला कर संघर्ष विराम का चार बार उल्लंघन किया था। एक अगस्त को दो बार संघर्षविराम उल्लंघन हुआ था।

जुलाई में 18 बार संघर्षविराम उल्लंघन हुए जिसमें तीन जवानों समेत चार लोग मारे गए तथा 14 अन्य घायल हुए।

Trending news