सर्दी का सितम जारी, कई शहरों में टूट रहा ठंड का रिकॉर्ड, विमान और ट्रेन सेवाओं पर असर
Advertisement

सर्दी का सितम जारी, कई शहरों में टूट रहा ठंड का रिकॉर्ड, विमान और ट्रेन सेवाओं पर असर

उत्तर भारत में आज कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहा और कई जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अमृतसर का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जबकि पश्चिम भारत के शहर नागपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो 45 साल का सबसे कम तापमान है।

सर्दी का सितम जारी, कई शहरों में टूट रहा ठंड का रिकॉर्ड, विमान और ट्रेन सेवाओं पर असर

नई दिल्ली : उत्तर भारत में आज कड़ाके की सर्दी का दौर जारी रहा और कई जगहों पर तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अमृतसर का न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जबकि पश्चिम भारत के शहर नागपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो 45 साल का सबसे कम तापमान है।

दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। घने कोहरे के कारण दिल्ली में 98 ट्रेनों और कई विमानों के परिचालन में देरी हुयी। दिल्ली में कल का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस था। कोहरे के कारण 23 विमानों, जिनमें से अधिकांश अंतरराष्ट्रीय विमान हैं, की उड़ान में भी देरी हुयी जबकि तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का रास्ता बदला गया। क्षेत्र में 98 से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। पश्चिम भारत में, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में शीतलहर का दौर जारी है और नागपुर में न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक गिर गया जो 45 वर्ष में सबसे कम तापमान है।

मौसम विभाग के अधिकारी एएस खान ने कहा, ‘शहर में 29 दिसंबर 1968 में 5.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ था। नागपुर और इसके आस पास के क्षेत्रों में बीते दो दिन में कड़ाके की सर्दी महसूस की गई जब तापमान 6.1 और पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।’ उत्तर में, जम्मू कश्मीर में भी जबर्दस्त ठंड का प्रकोप जारी है और राज्य की गर्मियों की राजधानी श्रीनगर में तापमान शून्य से 4.1 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। राज्य में करगिल सबसे ठंडा रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 15.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। घाटी और लददाख क्षेत्र में रात का तापमान जमाव बिन्दु से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। इस बीच, पंजाब और हरियाणा के ज्यादातर भागों में कड़ाके की सर्दी और घने कोहरे से कोई राहत नहीं मिली और अमृतसर में तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। चंडीगढ़ के अधिकारी ने कहा कि अमृतसर में सत्र की अब तक की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई।

हरियाणा के नारनौल में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिली और नारनौल का न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में भी ठंड और कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ और 16 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। चुरू राजस्थान में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 06 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। श्रीगंगानगर और डबोक में तापमान क्रमश: 3.1 और 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान के माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तर प्रदेश के ज्यादातर भागों में शीतलहर और घना कोहरा लगातार जारी है। राज्य के पूर्वी क्षेत्र का चुर्क 0 . 6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा।

Trending news