Trending Photos
नई दिल्ली : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को अपने कार्यक्रम ‘टॉक टू एके’ के पहले संस्करण में जनता के साथ संवाद किया। इस कार्यक्रम में केजरीवाल के सामने कई अजीबो-गरीब प्रश्न आए। एक व्यक्ति ने पूछा कि कटप्पा ने बाहुबली को क्यों मारा? कई व्यक्तियों ने दिल्ली के सीएम से नई फिल्मों के रिव्यू भी पूछ लिए।
दरअसल, जनता से संवाद करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने रविवार से ‘टॉक टू एके’ कार्यक्रम की शुरुआत की। कार्यक्रम में केजरीवाल ने मोदी सरकार पर केंद्र और दिल्ली के बीच के संबंधों को ‘भारत-पाकिस्तान’ जैसे हालात में ले जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि अगर रूकावटें पैदा नहीं की गई होती तो उन्होंने शहर के लिए जो उपलब्धियां हासिल की हैं उससे चार गुना ज्यादा उपलब्धियां होतीं।
कार्यक्रम में केजरीवाल ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने स्कूलों की फीस, भ्रष्टाचार, विधायकों की बढ़े वेतन से जुड़े सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम में मशहूर संगीतकार विशाल डडलानी ने मॉडरेटर की भूमिका निभाई। केजरीवाल के साथ दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी मौजूद थे।