दिल्‍ली कैब रेप केस: आरोपी ड्राइवर पहले भी बलात्‍कार मामले में जा चुका है जेल, उबेर इंडिया के अधिकारियों से पूछताछ
Advertisement

दिल्‍ली कैब रेप केस: आरोपी ड्राइवर पहले भी बलात्‍कार मामले में जा चुका है जेल, उबेर इंडिया के अधिकारियों से पूछताछ

राष्‍ट्रीय राजधानी में शुक्रवार की रात यहां एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने वाला 32 वर्षीय कैब चालक एक बार पहले भी बलात्कार के मामले में जेल जा चुका है। गौर हो कि रविवार को अपने गृहनगर मथुरा से गिरफ्तार किया गया शिवकुमार यादव पहले भी अपराधी रह चुका है।

दिल्‍ली कैब रेप केस: आरोपी ड्राइवर पहले भी बलात्‍कार मामले में जा चुका है जेल, उबेर इंडिया के अधिकारियों से पूछताछ

नई दिल्‍ली : राष्‍ट्रीय राजधानी में शुक्रवार की रात यहां एक महिला के साथ कथित तौर पर बलात्कार करने वाला 32 वर्षीय कैब चालक एक बार पहले भी बलात्कार के मामले में जेल जा चुका है। गौर हो कि रविवार को अपने गृहनगर मथुरा से गिरफ्तार किया गया शिवकुमार यादव पहले भी अपराधी रह चुका है। यह बात पुलिस द्वारा उससे की गई शुरूआती पूछताछ में सामने आई है। उधर, पुलिस ने यादव को आज एक स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया। वहीं, टैक्सी सेवा मुहैया कराने वाली अमेरिकी कंपनी उबेर इंडिया को दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच में शामिल होने का निर्देश दिया। पुलिस ने उबेर इंडिया के अधिकारियों से पूछताछ भी की।  

आरोपी ड्राइवर शिव कुमार ने कथित तौर पर पुलिस को बताया कि वह बलात्कार के एक मामले में सात माह जेल में बिता चुका है। उसके खिलाफ यह मामला वर्ष 2011 में दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में दर्ज किया गया था। पुलिस अधिकारी ने कहा कि उसका दावा है कि बाद में उसे इस मामले से बरी कर दिया गया था। हम उसके इन दावों की जांच कर रहे हैं। अमेरिकी कंपनी उबेर टैक्सी ने अगर इस चालक की पृष्ठभूमि की पड़ताल और पुलिसिया जांच कराई होती तो उसे कैब चालन का काम सौंपने से बचा जा सकता था।

यादव को आज एक स्थानीय अदालत के समक्ष पेश किया गया। उत्तर प्रदेश के मथुरा से गिरफ्तार करने के बाद उसे कल रात दिल्ली लाया गया था। मथुरा और दिल्ली के बीच की दूरी लगभग 160 किलोमीटर है।

दिल्‍ली पुलिस ने आज उबेर कैब सर्विस के अधिकारियों से पूछताछ की। रिपोर्ट के अनुसार, उबेर ने इस घटना के मद्देनजर अपने गुड़गांव ऑफिस को बंद कर दिया है।

वहीं, गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि घटना समाज पर एक धब्बा है और इस तरह के अपराधों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि मेरा मानना है कि इससे ज्यादा दुर्भाग्यपूर्ण और शर्मनाक घटना नहीं हो सकती। हम इन घटनाओं से काफी दुखी हैं। कड़े कदम उठाने की जरूरत है। मंत्री ने कहा कि मौजूदा कानूनों को और असरदार तरीके से लागू किए जाने की जरूरत है तथा समाज में धारणा में बदलाव होना चाहिए। सोलह दिसंबर की सामूहिक बलात्कार घटना के दो साल पूरे होने से कुछ दिन पहले हुई इस घटना के कारण केंद्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत आने वाली दिल्ली पुलिस की आलोचना हो रही है।

इस बीच, आम आदमी पार्टी (आप) कि कार्यकर्ताओं और एनएसयूआई के सदस्यों ने केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आवास के बाहर इस मुद्दे पर आज सुबह प्रदर्शन किया। गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे आम आदमी पार्टी और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को आज हिरासत में ले लिया गया। ये लोग एक टैक्सी चालक द्वारा शुक्रवार रात को एक युवती के साथ किए गए कथित बलात्कार के मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे थे।

दिल्ली पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से 32 वर्षीय शिव कुमार यादव को उसके गृह नगर मथुरा से रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) मधुर वर्मा ने बताया कि आरोपी (यादव) को उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से मथुरा से गिरफ्तार किया गया। आरोपी को सोमवार को दिल्‍ली में अदालत में पेश किया जाएगा। पूछताछ के दौरान प्रथम दृष्टया यह बात सामने आई है कि अमेरिकी कैब कंपनी उबेर की ओर से आपराधिक लापरवाही हुई क्योंकि उनके पक्ष में कई गलतियां पाई गई हैं। जैसे न तो ड्राइवर के ब्यौरे की पुष्टि की गई थी और न ही कार में जीपीएस उपकरण लगा हुआ था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यादव उबेर के साथ पिछले छह महीने से काम कर रहा था। उबेर कैब चलाने वाले यादव ने कथित रूप से शुक्रवार की रात करीब साढ़े नौ बजे महिला का बलात्कार किया जो गुड़गांव में किसी फाइनेंस कंपनी में काम करती है और उत्तरी दिल्ली के इंद्रलोक क्षेत्र स्थित अपने घर लौट रही थी। रास्ते में पिछली सीट पर बैठी महिला को नींद आ गई और जब उसकी आंख खुली तो उसने एक निर्जन स्थान पर कैब को रुके पाया। उसने पाया कि कैब के दरवाजे बंद हैं और जब उसने शोर मचाने का प्रयास किया तो ड्राइवर ने उसे धक्का दिया और उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने यह जानकारी दी। आरोपी ने उसके बाद महिला को इंद्रलोक में उसके घर के समीप छोड़ दिया और किसी को भी इस घटना की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दी। आगरा रेंज की डीआईजी लक्ष्मी सिंह के अनुसार जिस कैब में यह अपराध हुआ है, वह यादव की थी और उसके मोबाइल नंबर के जरिए उसका पता लगाया गया। उसे दिल्ली पुलिस को सौंप दिया गया है। कार को बीती देर रात शहर से बरामद किया गया। दिल्ली पुलिस की 12 टीमों द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मथुरा तथा उत्तर प्रदेश के अन्य हिस्सों में चलाए गए व्यापक खोजबीन अभियान के बीच दिल्ली पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की थी।

Trending news