जवाहर लाल नेहरू पर हरियाणा के मंत्री के बयान से विवाद
Advertisement

जवाहर लाल नेहरू पर हरियाणा के मंत्री के बयान से विवाद

भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का जिक्र करने के दौरान कथित रूप से ‘आपत्तिजनक’ शब्दों का इस्तेमाल करके हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने खुद को मुसीबत में डाल दिया है और विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को पूरे राज्य में इसके खिलाफ प्रदर्शन किये।

चडीगढ़ : भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू का जिक्र करने के दौरान कथित रूप से ‘आपत्तिजनक’ शब्दों का इस्तेमाल करके हरियाणा के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने खुद को मुसीबत में डाल दिया है और विपक्षी कांग्रेस ने सोमवार को पूरे राज्य में इसके खिलाफ प्रदर्शन किये।

प्रदेश के खेल और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने इस बारे में प्रतिक्रिया देकर विवाद को और बढ़ा दिया।

विवाद उस समय छिड़ गया जब शर्मा ने कल रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय लोक महोत्सव को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित करते हुए शर्मा ने एक किस्सा सुनाया जिसमें दो लोग नेहरू के बारे में बात करते हुए कुछ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे थे।

वह महान हरियाणवी लोक कलाकार लक्ष्मी चंद की साहित्यिक विरासत पर बोल रहे थे। बाद में उन्होंने अपनी टिप्पणी के लिए माफी भी मांगी।

उन्होंने कहा, ‘मेरा आशय देश के पहले प्रधानमंत्री का निरादर करना नहीं था। मैंने केवल हरियाणवी बोली का इस्तेमाल किया था और जब नेहरू का निधन हुआ था उस दौरान रोहतक से दिल्ली जा रहे यात्रियों के बीच की बातचीत का हवाला दिया था। यदि इससे किसी की भावना को ठेस पहुंची है तो मैं इसके लिए माफी मांगता हूं।’

बाद में शर्मा के बयान पर प्रतिक्रिया देने को कहा गया तो विज ने कहा, ‘भले ही नेहरू अच्छे आदमी नहीं हों, फिर भी मंत्री को उनके खिलाफ इस तरह के शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए था।’

Trending news