MCD सफाई कर्मचारियों ने स्थाई समाधान की मांग की, अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल रद्द की
Advertisement

MCD सफाई कर्मचारियों ने स्थाई समाधान की मांग की, अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल रद्द की

सफाई कर्मचारी संगठनों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने से इनकार करते हुए शनिवार को कहा कि वे अदालत से अपनी समस्याओं के स्थाई समाधान की गुहार लगाएंगे। उधर नगर निगम के अधिकारियों ने दावा किया कि निगमों के अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है।

MCD सफाई कर्मचारियों ने स्थाई समाधान की मांग की, अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल रद्द की

नई दिल्ली: सफाई कर्मचारी संगठनों ने अपनी हड़ताल समाप्त करने से इनकार करते हुए शनिवार को कहा कि वे अदालत से अपनी समस्याओं के स्थाई समाधान की गुहार लगाएंगे। उधर नगर निगम के अधिकारियों ने दावा किया कि निगमों के अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त कर दी है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने कल (शुक्रवार) हड़ताल वापस लेने की एक जनहित याचिका पर सुनवाई करते हुए इस मामले में निगमों और सफाई कर्मचारी संघों के जवाब मांगे थे।

यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एमसीडी एम्प्लॉइज के महासचिव राजेंद्र मेवाती ने कहा, ‘हमें पिछले एक साल में चार बार हड़ताल पर जाना पड़ा क्योंकि अपने वित्तीय संकटों के चलते निगमों ने हमारे वेतन और बकाया का भुगतान नहीं किया है। हम अदालत से अपनी सम्स्याओं के स्थाई समाधान का अनुरोध करेंगे।’ दिल्ली प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मूलचंद ने कहा, ‘नगर निगमों के पास उनके कर्मचारियों के वेतन और बकाया धन का भुगतान करने के लिए पैसा नहीं है। अगर हड़ताल अभी वापस ले ली जाती है तो फिर से होगी क्योंकि निगमों के पास धन नहीं है।’ 

स्वतंत्र मजदूर विकास संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष संजय गहलोत ने कहा, ‘हमें हाई कोर्ट का नोटिस मिल गया है और हम अपना पक्ष रखने के लिए अदालत में पेश होंगे।’ नगर निगमों के अधिकारियों ने दावा किया कि सफाई कर्मचारियों को छोड़कर निगमों के अन्य कर्मचारियों ने हड़ताल वापस ले ली है।

पूर्वी और उत्तरी दिल्ली नगर निगम के मेयरों क्रमश: हषर्दीप मल्होत्रा और रवींद्र गुप्ता ने कहा, ‘डॉक्टरों, नर्सों और अर्धचिकित्सकीय कर्मियों ने कल (शुक्रवार) रात अपनी हड़ताल वापस ले ली और अब शिक्षकों तथा इंजीनियरों ने भी इसे समाप्त कर दिया है।’ हालांकि यूनाइटेड फ्रंट ऑफ एमसीडी एम्प्लॉइज ने एक प्रेस वक्तव्य में दावा किया कि हड़ताल अभी जारी है। संघ के अध्यक्ष राजेश मिश्रा ने कहा, ‘27 जनवरी को शुरू हुई हड़ताल अब भी चल रही है और अभी तक इसे समाप्त नहीं किया गया है।’ 

Trending news