यह केवल शब्दों का घोटाला है, किसी भी जांच के लिए तैयार: पंकजा मुंडे
Advertisement
trendingNow1262391

यह केवल शब्दों का घोटाला है, किसी भी जांच के लिए तैयार: पंकजा मुंडे

महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने 206 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री की खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर उन पर लग रहे आरोपों को ‘शब्दों का घोटाला’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि वैसी ही चीजें पूर्ववर्ती कांग्रेस-राकांपा शासनकाल में ऊंची कीमतों पर खरीदी गई थीं। इन चीजों में चिक्की, चटाई, बच्चों के लिए किताबें आदि शामिल हैं।

मुंबई : महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पंकजा मुंडे ने 206 करोड़ रुपये मूल्य की सामग्री की खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर उन पर लग रहे आरोपों को ‘शब्दों का घोटाला’ करार देते हुए बुधवार को कहा कि वैसी ही चीजें पूर्ववर्ती कांग्रेस-राकांपा शासनकाल में ऊंची कीमतों पर खरीदी गई थीं। इन चीजों में चिक्की, चटाई, बच्चों के लिए किताबें आदि शामिल हैं।

पंकजा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत शासनकाल में ऐसी ही चीजें 408 करोड़ रुपये में खरीदी गई थीं। आप उसे खरीद कहते हैं और हम लोगों द्वारा की गयी खरीद को घोटाला बताते हैं। देवेन्द्र फड़णवीस कैबिनेट में भाजपा सदस्य पंकजा मुंडे ने कहा कि यह शब्दों का घोटाला है। मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने दावा किया कि पूर्ववर्ती सरकार ने सिर्फ 2013-2014 में 114 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी।

उन्होंने कहा कि मैं चाहती हूं कि हर बच्चा सरकार की मदद से कुपोषण के खिलाफ लड़े और मैं इन सबके बावजूद ऐसा सुनिश्चित करूंगी। पंकजा ने कहा कि ये सब राजनीति से प्रेरित आरोप हैं। मैं अपने खिलाफ लगाए गए सभी आरोपों से इंकार करती हूं। उनका इरादा है कि किसी भाजपा मंत्री से कोई घोटाला जोड़ा जाए। उन्होंने कहा कि ‘रेट कंट्रैक्ट’ प्रणाली के जरिए इन चीजों की खरीद के आदेश में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने कहा कि एक रूपए की भी अनियमितता नहीं हुई है। मंत्री ने कहा कि मैं और मेरा विभाग किसी भी जांच के लिए तैयार है। हम एसीबी के सवालों का भी जवाब देंगे। यह पूछे जाने पर कि उनके संवाददाता सम्मेलन में भाजपा के वरिष्ठ मंत्रीगण क्यों नहीं मौजूद हैं जबकि कल शिक्षा मंत्री विनोद तावडे की ब्रीफिंग में वरिष्ठ मंत्री मौजूद थे, पंकजा ने कहा कि दोनों मंत्रियों सुधीर मुनगंटीवार और चंद्रकांत पाटिल का पहले से तय कार्यक्रम था और उन्होंने उन दोनों से बातचीत की थी।

पंकजा ने कहा कि मुख्यमंत्री और पार्टी के मंत्री मेरे साथ हैं तथा मुझे लाखों, करोड़ों लोगों का समर्थन प्राप्त है। तावडे पर बिना निविदा के स्कूलों में अग्निशामक यंत्रों के लिए 191 करोड़ रुपये के ठेके को मंजूरी देने का आरोप है। कल उन्होंने आरोपों का खंडन करने के लिए संवाददाताओं से मुलाकात की थी और उस समय उनके साथ दो वरिष्ठ मंत्री थे। पंकजा की ब्रीफिंग शुरू होने के करीब एक घंटा बाद आवास मंत्री प्रकाश मेहता भी शामिल हुए। राष्ट्रीय समाज पक्ष नेता माघव जनकर और पंकजा की बहन तथा भाजपा सांसद प्रीतम मुंडे भी मौजूद थीं। पंकजा भाजपा के दिवंगत दिग्गज नेता गोपीनाथ मुंडे की पुत्री हैं। वह पिछले हफ्ते लंदन में थीं जब आरोप सामने आए थे।

Trending news