असम में बोडो उग्रवादियों ने 37 लोगों की हत्या की, PM ने की कड़ी निंदा
Advertisement
trendingNow1242538

असम में बोडो उग्रवादियों ने 37 लोगों की हत्या की, PM ने की कड़ी निंदा

असम के सोनितपुर और कोकराझार जिलों में चार जगहों पर संदिग्ध बोडो उग्रवादियों के सिलसिलेवार हमलों में चार महिलाओं सहित 37 लोग मारे गए। इसमें अधिकतर आदिवासी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करते हुए इसे कायराना कृत्य बताया। मोदी ने ट्वीट किया, हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मारे गये लोगों के परिवारों के साथ हैं।

असम में बोडो उग्रवादियों ने 37 लोगों की हत्या की, PM ने की कड़ी निंदा

गुवाहाटी : असम के सोनितपुर और कोकराझार जिलों में चार जगहों पर संदिग्ध बोडो उग्रवादियों के सिलसिलेवार हमलों में चार महिलाओं सहित 37 लोग मारे गए। इसमें अधिकतर आदिवासी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निर्दोष लोगों की हत्या की निंदा करते हुए इसे कायराना कृत्य बताया। मोदी ने ट्वीट किया, हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मारे गये लोगों के परिवारों के साथ हैं।

मोदी ने कहा कि उन्होंने असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई और केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह से बात की है। उन्होंने कहा कि सिंह स्थिति का जायजा लेने के लिए राज्य का दौरा करेंगे। सिंह ने कहा कि किसी भी कारण से बेकसूर लोगों की हत्या को कभी भी जायज नहीं ठहराया जा सकता। उन्होंने ट्वीट किया केंद्र हालात पर नजर रख रहा है और घटनास्थल के लिए अर्धसैन्य बलों को रवाना किया गया है। सिंह ने कहा कि उन्होंने गोगोई से बात की जिन्होंने हालात के बारे में उन्हें अवगत कराया। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र राज्य को सभी सहायता मुहैया कराएगा।

 

पुलिस ने बताया कि भारी हथियारों से लैस नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) के सोंगबिजीत धड़े से जुड़े उग्रवादियों के हमले में 10 अन्य लोग घायल हो गए। यह धड़ा शांति वार्ता का विरोध करता है। उन्होंने बताया कि सोनितपुर जिले के चार पुलिस थाना इलाकों में आज रात कर्फ्यू लगा दिया गया।

असम पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सोनितपुर जिले में 30 लोगों को गोलियों से भून दिया गया जबकि कोकराझार में आज शाम चार लोगों की हत्या कर दी गयी। प्रवक्ता ने बताया, सोनितपुर जिले में 30 लोगों की हत्या कर दी गयी। इसमें, विश्वनाथ चरियाली में 24 लोगों को गोलियों से भून दिया गया, ढेकियाजुली में छह लोगों की हत्या कर दी गयी। कोकराझार जिले में पखिरीगुड़ी में चार मौतों की पुष्टि हो चुकी है जबकि उल्टापानी के दूर दराज के इलाके में तीन और लोगों की हत्या की आशंका है। पुलिस ने अब तक शव बरामद नहीं किया है।

अधिकारी ने बताया, सभी लोग नेशनल डेमोक्रेटिक फ्रंट ऑफ बोडोलैंड (एनडीएफबी) (सोंगबिजीत) के संदिग्ध उग्रवादियों के सिलसिलेवार हमलों में मारे गए। सोनितपुर की पुलिस अधीक्षक (एसपी) संयुक्ता पराशर ने कहा कि सोनितपुर हमले में मारे गए लोग आदिवासी बताए जाते हैं। उन्होंने बताया कि अरूणाचल प्रदेश की सीमा के पास तिनिसुति में विश्वनाथ चरियाली सब-डिवीजन के तहत सोनाजुली में एनडीएफबी (एस) उग्रवादियों के एक समूह ने अत्याधुनिक हथियारों से लोगों पर हमला किया। उन्होंने बताया कि हमले में 24 लोग मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घटनास्थल असम और अरूणाचल प्रदेश अंतर-राज्यीय सीमा के बहुत नजदीक है। सोनितपुर जिले के उपायुक्त ललित गोगोई ने बताया, ढेकियाजुली, तेलामारा, रांगापाड़ा और विश्वनाथ चरियाली थाना क्षेत्र में अनिश्चितकालीन कफ्र्यू लगा दिया गया है।

Trending news