)
Pratapgarh Crime news:राजस्थान के प्रतापगढ़ में 2 दिन पहले शिवना नदी के पेटे में लहू लुहान हालत में मिले युवक के शव की शिनाख्तगी के प्रयास जारी है.पुलिस ने सोशल मीडिया पर मृतक के फोटो और पहचान वायरल की है.एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड ने भी मौके से सबूत जुटाए हैं. प्रथम दृष्टया मामला हत्या का होने से पुलिस के लिए भी बड़ी चुनौती है.
दरअसल बुधवार को जिले के कोटडी थाना क्षेत्र के कचनारा पड़ाव गांव के पास एक युवक का शव मिला था . शिवना नदी के एनिकट में लहू लूहान हालत में मिले शव की पहचान नहीं हो पाई थी. सूचना पर कोटडी थाना अधिकारी अरुण खाट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे.
प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर मौके पर एफएल टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया और घटनास्थल की बारीकी से जांच की गई. संभवतया किसी अन्य स्थान पर हत्या कर शव को यहां पर लाकर फेंका गया था.पुलिस ने आसपास लोगों से पूछताछ भी की लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई.
इस पर पुलिस ने शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया. पुलिस ने अब मृतक की शिनाख्त के लिए सोशल मीडिया पर उसके फोटो और पहचान वायरल की है. मृतक के दाएं हाथ पर टैटू बना हुआ है,चेक्स की शर्ट और ब्लैक कलर की सफेद पट्टी वाली जींस पहने इस युवक की उम्र 20 से 25 वर्ष है. लोगों से अपील की गई है कि वह इस तरह के किसी व्यक्ति को जानते हो तो पुलिस को सूचित करें .मामला हत्या का होने से पुलिस के लिए भी यह एक चुनौती है.