Advertisement
trendingNow1502776

पाकिस्‍तान के वाघा बॉर्डर पहुंचे जांबाज विंग कमांडर अभिनंदन

विंग कमांडर अभिनंदन ने पाकिस्‍तान का लड़ाकू विमान एफ-16 मार गिराया था. पाकिस्‍तान ने उन्‍हें बुधवार को हिरासत में ले लिया था.

विंग कमांडर अभिनंदन के स्‍वागत के लिए वाघा बॉर्डर पर सैकड़ों लोग मौजूद हैं. फोटो IANS
विंग कमांडर अभिनंदन के स्‍वागत के लिए वाघा बॉर्डर पर सैकड़ों लोग मौजूद हैं. फोटो IANS

नई दिल्‍ली : पाकिस्‍तानी सेना द्वारा बुधवार को हिरासत में लिए गए भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर पायलट अभिनंदन की आज वतन वापसी हो रही है. कुछ ही देर में उन्‍हें वाघा बॉर्डर के रास्‍ते पाकिस्‍तान भारत को सौंपेगा. पाकिस्‍तान के विदेश मंत्री शाह महमूद कुरैशी ने भी इस बात की पुष्टि की है कि अभिनंदन को शुक्रवार को दोपहर में वाघा बार्डर के रास्‍ते भारत को सौंपा जाएगा.

  1. बुधवार को पाकिस्‍तान ने भारतीय विंग कमांडर को हिरासत में लिया था
  2. पाकिस्‍तान के एफ-16 लड़ाकू विमान को अभिनंदन ने मार गिराया था
  3. अभिनंदन को अमृतसर एयरबेस से विमान से दिल्‍ली ले जाया जाएगा

उनके स्‍वागत के लिए अटारी-वाघा बॉर्डर पर सैकड़ों लोग मौजूद हैं. इसमें उनके परिवार के सदस्‍य भी मौजूद हैं. इस्‍लामाबाद स्थित भारतीय उच्‍चायोग ने विंग कमांडर अभिनंदन की वापसी से संबंधी कागजी कार्यवाही पूरी कर ली है. वहीं पाकिस्‍तान ने विंग कमांडर को विमान से वापस लाने की भारत की मांग ठुकरा दी है. अभिनंदन को इस्‍लामाबाद से लाहौर लाया गया, जहां से वाघा बॉर्डर के रास्‍ते उन्‍हें भारत को सौंपा जाना है. अटारी बॉर्डर पर एंबुलेंस को भी एहतियात के तौर पर तैयार रखा गया है.

Add Zee News as a Preferred Source

वायुसेना का प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को विंग कमांडर अभिनंदन को लेने वाघा सीमा पर पहुंच चुका है. अभिनंदन को अटारी-वाघा बॉर्डर से अमृतसर एयरबेस और उसके बाद विमान से दिल्‍ली लाया जाएगा. भारत और पाकिस्‍तान की सेना के बीच अटारी-वाघा बॉर्डर पर होने वाली बीटिंग रीट्रीट आज नहीं होगी. बता दें कि भारतीय और पाकिस्तान वायुसेना के लड़ाकू विमानों के बीच झड़प के दौरान मिग 21 के गिरने के बाद पायलट अभिनंदन पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में उतर गए थे. इसके बाद पाकिस्तान ने भारतीय वायु सेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्थमान को हिरासत में ले लिया था.

fallback
बड़ी संख्‍या में वाघा बॉर्डर पहुंच रहे हैं लोग. फाइल फोटो

अभिनंदन का मिग-21 विमान बुधवार सुबह पाकिस्तान के हमले को रोकने के दौरान हवा से जमीन पर आ गया था. अभिनंदन ने पाकिस्तान का एक एफ-16 लड़ाकू विमान मार गिराया था. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने गुरुवार को संसद में घोषणा की कि अभिनंदन को सद्भाव के तौर पर शुक्रवार को रिहा किया जाएगा. 

पाकिस्तान ने भारतीय वायुसेना के पकड़े गए विंग कमांडर अभिनंदन को शांति पहल के तहत छोड़ने की को घोषणा की. इसके कुछ ही घंटे पहले भारत ने उन्हें बिना शर्त रिहा करने का कड़ा संदेश दिया था. नई दिल्ली में भारतीय थल सेना, वायुसेना और नौसेना के शीर्ष अधिकारियों की एक संयुक्त मीडिया ब्रीफिंग में कहा गया कि सशस्त्र बल किसी भी सुरक्षा चुनौती से निपटने के लिए हाई अलर्ट पर हैं. हालांकि, भारत पाकिस्तान से बात करने के ‘‘मूड’’ में नजर नहीं आ रहा है.

भारत ने कहा है कि वह इस्लामाबाद से पहले आतंकवाद पर कार्रवाई चाहता है. नई दिल्ली ने यह भी साफ कर दिया है कि अभिनंदन पर कोई सौदेबाजी नहीं की जा सकती है तथा उन्हें बिना शर्त और फौरन वापस भेजने की मांग की है. भारतीय वायुसेना ने नई दिल्ली में कहा कि उसे खुशी है कि पाकिस्तान द्वारा पकड़े गए विंग कमांडर अभिनंदन कल (शुक्रवार को) घर लौटेंगे और इसे सद्भावना संदेश के रूप में पेश किए जाने को खारिज कर दिया.

ये भी देखे

Breaking News in Hindi और Latest News in Hindi सबसे पहले मिलेगी आपको सिर्फ Zee News Hindi पर. Hindi News और India News in Hindi के लिए जुड़े रहें हमारे साथ.

About the Author

TAGS

Trending news