स्वास्थ्य जांच के लिए रात भर अस्पताल में रहे मंडेला
Advertisement

स्वास्थ्य जांच के लिए रात भर अस्पताल में रहे मंडेला

रंगभेद नीति विरोधी आंदोलन के प्रणेता एवं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला को शनिवार को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वह रातभर रहे।

जोहानिसबर्ग : रंगभेद नीति विरोधी आंदोलन के प्रणेता एवं दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला को शनिवार को नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां वह रातभर रहे।
मंडेला के प्रवक्ता मैक महाराज ने रविवार को जारी बयान में कहा,‘‘उनके बारे में कोई ताज़ा जानकारी नहीं है।’’ महाराज ने कहा,‘‘पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला को नौ मार्च को प्रिटोरिया के अस्पताल में नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए भर्ती कराया गया। डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना हैं कि चिंतित होने वाली कोई बात नहीं है।’’
94 वर्षीय मंडेला का गत दिसंबर में फेफेड़ों में संक्रमण और पित्त की पथरी का इलाज हुआ था। वह इस दौरान 18 दिन अस्पताल में भर्ती रहे थे।
देश के पहले अश्वेत राष्ट्रपति मंडेला का स्वास्थ्य पिछले कई वर्षों से चिंता का विषय बना हुआ है। उन्हें पिछले दो वर्षों में तीन बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा है। जनवरी 2011 में उनके सीने में संक्रमण हुआ था जिसका इलाज हुआ।
मंडेला 1994 से 1999 तक देश के राष्ट्रपति रहे। रंगभेद के खिलाफ और लोकतंत्र के लिए संघर्ष का नेतृत्व करने के कारण वह देश के राष्ट्रपिता माने जाते हैं। (एजेंसी)

Trending news