देशभर में गर्मी का प्रकोप जारी, दिल्ली में पारा 45 के पार

देश भर में गर्मी और लू के थपेड़ों का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। मध्य प्रदेश में गर्मी से तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि नागपुर का तापमान आज 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले छह दशक में सबसे ज्यादा है।

नई दिल्ली : देश भर में गर्मी और लू के थपेड़ों का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। मध्य प्रदेश में गर्मी से तीन लोगों की मौत हो गयी जबकि नागपुर का तापमान आज 47.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले छह दशक में सबसे ज्यादा है। राजस्थान का श्रीगंगानगर नागपुर के बाद देश भर में सबसे अधिक गर्म स्थान रहा। श्रीगंगानगर में तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले 59 सालों में सबसे अधिक रहा।
दिल्ली में भी आज इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा जहां पारा 45 डिग्री के पार 45.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राष्ट्रीय राजधानी में आज न्यूनतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया गया जबकि अधिकतम एवं न्यूनतम आद्र्रता स्तर क्रमश: 52 और 16 फीसदी रहा। लू के थपेड़ों की चपेट में आकर मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान तीन लोगों की मौत हुई।
सागर जिले में कल जहां एक 50 वर्षीय शख्स और एक नौजवान की मौत हुई वहीं ग्वालियर में एक प्रशिक्षु कांस्टेबल ने पुलिस प्रशिक्षण स्कूल में दम तोड़ दिया। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि कल खजुराहो 46.7 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान था जबकि भोपाल में 44.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली के लोगों को अगले करीब चार दिनों तक झुलसा देने वाली गर्मी से कोई राहत नहीं मिलने वाली। महाराष्ट्र की द्वितीय राजधानी नागपुर में 26 मई 1954 को भी 47.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। यह जानकारी क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र ने दी। चंद्रपुर 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ विदर्भ क्षेत्र का सबसे गर्म स्थान रहा।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी लोगों को गर्मी से कोई राहत मिलती नजर नहीं आ रही। दोनों राज्यों में कई स्थानों पर अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
लुधियाना 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इस क्षेत्र का सबसे अधिक गर्म स्थान रहा। अमृतसर में अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री अधिक 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पटियाला में पारा 44.7 डिग्री सेल्सियस तक गया। चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा में 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ हिसार राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
नारनौल (45.6 डिग्री सेल्सियस), भिवानी (44.5 डिग्री सेल्सियस) में भी काफी गर्मी रही। करनाल और अंबाला का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिन तक पंजाब और हरियाणा में यही स्थिति रह सकती है।
जम्मू में भी आज इस मौसम का सबसे गर्म दिन रहा। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जम्मू का अधिकतम तापमान सामान्य से कम से कम छह डिग्री अधिक 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर का न्यूनतम तापमान आज 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 24 मई तक क्षेत्र में बारिश नहीं होगी पर अगले कुछ दिनों तक तापमान में इजाफा जरूर होगा। चिलचिलाती धूप की वजह से लोग घरों में रहना ही पसंद कर रहे हैं।
उत्तर प्रदेश में भी गर्मी की वजह से सामान्य जनजीवन पर असर पड़ा है। बुंदेलखंड क्षेत्र का बांदा 46.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
गुजरात के अहमदाबाद और सौराष्ट्र के हिस्सों में पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक चले जाने के बाद आज मौसम विभाग ने कहा है कि कम से कम अगले दो दिनों तक झुलसा देने वाली गर्मी से लोगों को कोई राहत नहीं मिलने वाली ।
भारतीय मौसम विभाग ने एक परामर्श जारी कर चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में गुजरात भर में तापमान में बढ़ोत्तरी हो सकती है। विभाग की ओर से कहा गया कि दक्षिण भारत में तो मानसून आ चुका है और गुजरात में 15 जून के आसपास इसके आने की संभावना है। (एजेंसी)

Zee News App: पाएँ हिंदी में ताज़ा समाचार, देश-दुनिया की खबरें, फिल्म, बिज़नेस अपडेट्स, खेल की दुनिया की हलचल, देखें लाइव न्यूज़ और धर्म-कर्म से जुड़ी खबरें, आदि.अभी डाउनलोड करें ज़ी न्यूज़ ऐप.