एमपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी भाजपा: उमा भारती
Advertisement
trendingNow151754

एमपी में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी भाजपा: उमा भारती

भाजपा उपाध्यक्ष उमा भारती को पूरा भरोसा है कि इस साल के अंत में होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव में उनकी पार्टी लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर फिर सरकार बनाएगी।

भोपाल : भाजपा उपाध्यक्ष उमा भारती को पूरा भरोसा है कि इस साल के अंत में होने वाले मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव में उनकी पार्टी लगातार तीसरी बार जीत दर्ज कर फिर सरकार बनाएगी। प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा ने बातचीत में कहा, ‘‘हम इस प्रदेश में लगातार तीसरी बार जीतकर फिर सरकार बनाएंगे।’’ प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीतने के लिए हमारे पास कई कारण हैं। इनमें राज्य की भाजपा सरकार द्वारा किए गए अच्छे विकास कार्य शामिल हैं।’’ एक सवाल के जवाब में उमा ने कहा कि यह सही है कि वर्ष 2008 के पिछले विधानसभा चुनाव में वह भाजपा के साथ नहीं थीं और उन्होंने अपनी भारतीय जनशक्ति पार्टी के जरिए अलग चुनाव लड़ा था, लेकिन अब उनकी भाजपा में वापसी हो गई है। पिछले विधानसभा चुनाव में भाजश को छह प्रतिशत वोट मिले थे और अब ये वोट निश्चित तौर पर भाजपा के पक्ष में जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनकी अपनी सोच है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने दम पर ही 230 में से 150 सीटें जीत सकते हैं और भाजश के छह प्रतिशत वोट से भाजपा यह चुनाव आसानी से जीत जाएगी।
भाजपा उपाध्यक्ष ने कहा कि अगस्त 2009 में उनकी भाभी द्वारा आत्महत्या करने के बाद वह जीवन के सबसे विकट दौर से गुजरीं। उनके परिवार की इस घटना ने उन्हें बड़ा सदमा पहुंचाया तथा उस समय एक बार तो जैसे भगवान से उनका भरोसा उठ सा गया था। उन्होंने कहा कि इस घटना के समय वह 48 साल की थीं तथा तब तक भगवान पर उनका विश्वास और भरोसा अडिग था। उन्हें इस स्थिति से उबरने और भगवान पर विश्वास कायम करने में लगभग 18 माह का समय लगा।
उमा ने कहा कि उनका यह विश्वास तब लौटा, जब वह गंगोत्री में थीं और वहां उनकी मुलाकात कर्नाटक की एक महिला से हुई, जो एक गुफा में रह रही थी। उसने उन्हें बताया कि उनकी भाभी की मौत हो गई है और अपने पीछे एक छोटा बेटा एवं बेटी छोड़ गई हैं, जिनकी देखभाल अब वह खुद करती हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘हालत अब यह है कि अपनी भाभी के बच्चों के लिए मैं ही उनकी मां हूं और मैं उन्हें अपने बच्चे की तरह मानती हूं ।’’ (एजेंसी)

Trending news