कर्नाटक की पूर्व मंत्री बोलीं-शिव का तांडव था यह
Advertisement

कर्नाटक की पूर्व मंत्री बोलीं-शिव का तांडव था यह

बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग में चार दिन फंसे रहने के बाद वापस लौटीं कर्नाटक की पूर्व मंत्री शोभा करंदलाजे ने शुक्रवार को कहा कि यह भयावह अनुभव था और एक हजार तीर्थयात्रियों के उनके समूह को उंचे पहाड़ों और उफनती गंगा के बीच कई रातें जागते हुए गुजारनी पड़ीं।

बेंगलुरु : बाढ़ की त्रासदी से जूझ रहे उत्तराखंड के रूद्रप्रयाग में चार दिन फंसे रहने के बाद वापस लौटीं कर्नाटक की पूर्व मंत्री शोभा करंदलाजे ने शुक्रवार को कहा कि यह भयावह अनुभव था और एक हजार तीर्थयात्रियों के उनके समूह को उंचे पहाड़ों और उफनती गंगा के बीच कई रातें जागते हुए गुजारनी पड़ीं।
शोभा ने संवाददाताओं को वहां के भयावह हालात बताते हुए कहा कि उत्तराखंड की त्रासदी ने मुझे हॉलीवुड की फिल्म ‘2012’ की याद दिला दी, जिसे मैंने कुछ वर्ष पहले देखा था। मुझे लगा कि भगवान शिव तांडव कर रहे हों, संभवत: रूद्रप्रयाग के इलाके में पारिस्थितिकी को हो रहे नुकसान से नाराज होकर।
पूर्ववर्ती भाजपा सरकार में मंत्री रहीं और बाद में पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा की पार्टी में शामिल हुईं शोभा ने कहा कि हमारे समूह में करीब एक हजार लोग थे। पूर्व मंत्री जब गंगोत्री से वापस लौट रही थीं उसी दौरान 15 जून को भूस्खलन शुरू हुआ। उन्होंने कहा कि मैं भाग्यशाली थी कि मेरी कार सुरक्षित स्थान पर पहुंच गई। हमारे पीछे आ रही गाड़ी के खाई में गिरने से उसमें सवार तीन लोगों की मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि हम ऊंचे पहाड़ों और उफन रही गंगा के बीच फंसे हुए थे। ऊपर के इलाकों में भूस्खलन हो रहा था। एक रात तो मैं अपनी गाड़ी से बाहर भी नहीं आ सकी। कुछ दूर यात्रा करने के बाद शोभा की कार कांडीयाखंड में फंस गई। वे लोग वहां से पहाड़ी चढ़कर बुडला पहुंचे। जहां वह चार दिन तक फंसी रहीं। (एजेंसी)

Trending news