नक्सली ताकतों के आगे नहीं झुकेगा देश : मनमोहन सिंह
Advertisement

नक्सली ताकतों के आगे नहीं झुकेगा देश : मनमोहन सिंह

छत्तीसगढ़ नक्सली हमले में घायल लोगों से मिलने अस्पताल पहुंचे प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि ये कुर्बानियां बेकार नहीं जाएंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सल समस्या से और सख्ती से निपटने की जरूरत है।

ज़ी मीडिया ब्यूरो/एजेंसी
रायपुर : प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कांग्रेस नेताओं के काफिले पर शनिवार को छत्तीसगढ़ में हुए हमले को दुखद करार देते हुए आज यहां कहा कि भारत कभी भी नक्सली ताकतों के सामने नहीं झुकेगा।
मनमोहन और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने हमले में मारे गए कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों को रविवार को यहां श्रद्धांजलि दी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक दुखद घटना है जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नंद कुमार पटेल और वरिष्ठ पार्टी नेता महेंद्र कर्मा सहित अन्य नेता शहीद हुए हैं। उन्होंने बहादुरी से शहादत दी है। वे ऐसी ताकतों के सामने नहीं झुके।
मनमोहन ने कहा कि भारत कभी भी नक्सली ताकतों के सामने नहीं झुकेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास कुर्बानी का इतिहास रहा है। उसने हमेशा चुनौतियों का सामना किया है। उन्होंने कहा, ‘चुनौतियां और भी आती रहेंगी, लेकिन हमें हिम्मत नहीं हारनी है।’
उन्होंने कहा, ‘यह घटना हमें अलगाववादी ताकतों के खिलाफ संघर्ष के लिए प्रेरित करेगी।’ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा, ‘मैं दुख के समय यहां आई हूं। यह घटना मानवता और इंसानियत के खिलाफ है। हमारे लिए यह नुकसानदायक भी है और चुनौती भी है। हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बहादुरी से चुनौतियों को स्वीकारा है और आगे बढ़े हैं।’
उन्होंने कहा, ‘यह हम पर नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों पर हमला है। इतिहास साक्षी है कि हमने चुनौतियों का डटकर मुकाबला किया है।’ सोनिया ने नक्सली हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
मनमोहन सिंह ने कहा कि ये कुर्बानियां बेकार नहीं जाएंगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सली समस्या से और सख्ती से निपटने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश नक्सलियों के आगे नहीं झुकेगा।
प्रधानमंत्री ने रविवार को कहा कि इस हमले में जिन लोगों ने कुर्बानी दी हैं, वह बेकार नहीं जाएंगी। नक्सलियों से निपटने के लिए और सख्त होना पड़ेगा।

नक्सलियों ने शुक्रवार को कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा को निशाना बनाते हुए अबतक का सबसे घातक हमला किया, इस हमले में अब तक 27 लोगों की मौत हो गई है जबकि 13 लोगों को रामकृष्ण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह भी थे। राहुल गांधी शुक्रवार रात ही रायपुर पहुंच गए।
छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के घने जंगलों में कांग्रेसी नेताओं और कार्यकर्ताओं के काफिले पर भारी हथियारों से लैस नक्सलियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता महेंद्र कर्मा समेत करीब 27 लोग मारे गए हैं। यह हमला बस्तर जिले में जगदलपुर के समीप दरबा घाटी में हुआ।

Trending news