Trending Photos
ज़ी मीडिया ब्यूरो
पुणे : 28 साल की एक तलाकशुदा शिक्षिका ने अपने पूर्व प्रेमी पर रेप करने और उसका एमएमएस बनाने जैसे सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। अंग्रेजी अखबार डीएनए के मुताबिक हड़पसार पुलिस को दी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पूर्व प्रेमी ने शादीशुदा होने के बावजूद प्यार का नाटक किया और जबरन घर में घुसकर रेप किया। इस दौरान उसकी तथाकथित पत्नी भी मौजूद थी। उसके हाथ में पिस्टल थी और उसने रेप की पूरी घटना को अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन खबर लिखे जाने तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के मुताबिक, महिला मूल रूप से महाराष्ट्र के धुले जिले की रहने वाली है। वह तलाकशुदा है और 11 साल का उसका एक बेटा भी है। इस समय वह पुणे में रह रही है। जब वह धुले में रह रही थी तो उसकी मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड के जरिये मनोज नाम के एक शख्स से हुई थी। इसके बाद दोनों अच्छे दोस्त बन गए और बाद में यह दोस्ती प्यार में बदल गई। मनोज ने शादी का झांसा देकर कई बार सेक्स भी किया। जब उसे पता चला कि मनोज शादीशुदा है तो उसने मनोज से संबंध तोड़ लिए।
पुलिस के मुताबिक, 5 मई 2013 को मनोज एक महिला के साथ उसके घर पहुंचा। उसने उस महिला को अपनी पत्नी बताया। उसकी पत्नी पिस्टल लिए हुई थी और उसने अपने पति को कहा कि वह उसके सामने ही महिला की इज्जत लूटे। पीड़िता ने आरोप लगाया कि इस दौरान उसके शरीर को कई जगहों पर सिगरेट से दागा गया। रेप की इस पूरी घटना को पूर्व प्रेमी की पत्नी ने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।
रेप करने के बाद दोनों ने धमकी भी दी कि अगर उसने पुलिस से इसकी शिकायत की तो वे उसके बेटे को मार देंगे। पुलिस के मुताबिक, महिला की शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की एक टीम मनोज और उसकी पत्नी को गिरफ्तार करने के लिए धुले रवाना हो गई है।