बिकवाली से सेंसेक्स 252 अंक लुढ़का, 21,000 के नीचे
Advertisement

बिकवाली से सेंसेक्स 252 अंक लुढ़का, 21,000 के नीचे

बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज 252 अंक की गिरावट के साथ 21,000 अंक से नीचे आ गया। यह 21 नवंबर के बाद एक दिन में सेंसेक्स की सबसे बड़ी गिरावट है।

मुंबई : बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स आज 252 अंक की गिरावट के साथ 21,000 अंक से नीचे आ गया। यह 21 नवंबर के बाद एक दिन में सेंसेक्स की सबसे बड़ी गिरावट है।
आईटीसी, एलएंडटी, आईसीआईसीआई बैंक तथा रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी बड़ी कंपनियों में मुनाफा वसूली से सेंसेक्स नीचे आया। मिले-जुले वैश्विक संकेतों तथा चीन के निराशाजनक आर्थिक आंकड़ों से भी बाजार प्रभावित हुआ। बाजार में बिकवाली काफी व्यापक थी। मुख्य रूप से रीयल्टी, पूंजीगत सामान, बिजली व बैंकिंग शेयर प्रभावित हुए। वहीं रुपये के कमजोर होकर 62 रुपये प्रति डालर के स्तर से नीचे आने पर आईटी क्षेत्र गिरावट से अछूता रहा।
नए साल में लगातार दूसरे दिन बाजार में गिरावट जारी रही और बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 252.15 अंक या 1.19 प्रतिशत टूटकर 20,888.33 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 190 अंक की बढ़त के साथ 21,331.32 अंक पर पहुंच गया था। इससे पहले 21 नवंबर, 2013 को सेंसेक्स में 406.08 अंक की गिरावट आई थी।
इसी तरह नेशनल स्टाक एक्सचेंज का निफ्टी 80.50 अंक या 1.28 प्रतिशत के नुकसान से 6,221.15 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान यह 6,358.30 अंक के उच्च स्तर पर भी पहुंचा। एमसीएक्स एसएक्स का एसएक्स 40 सूचकांक 142.23 अंक की गिरावट के साथ 12,435.29 अंक रह गया। (एजेंसी)

Trending news