LJP को नरेंद्र मोदी से गुरेज नहीं, BJP से गठबंधन की बातचीत जारी
Advertisement

LJP को नरेंद्र मोदी से गुरेज नहीं, BJP से गठबंधन की बातचीत जारी

लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं को बढ़ाते हुए लोकजन शक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता चिराग पासवान ने आज कहा कि 2002 के दंगों को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री को अदालत की ओर से क्लीन चिट मिल जाने के बाद नरेन्द्र मोदी को लेकर अब कोई मुद्दा नहीं है।

नई दिल्ली : लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा के साथ गठबंधन की संभावनाओं को बढ़ाते हुए लोकजन शक्ति पार्टी के वरिष्ठ नेता चिराग पासवान ने आज कहा कि 2002 के दंगों को लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री को अदालत की ओर से क्लीन चिट मिल जाने के बाद नरेन्द्र मोदी को लेकर अब कोई मुद्दा नहीं है। लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान ने भाजपा के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवालों का सीधे उत्तर देने से बचते हुए केवल इतना कहा कि इस बारे में कोई निर्णय करने के लिए पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक जल्द होगी।
सूत्रों ने बताया कि सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और राजद की टाल-मटोल की नीति से लोजपा बहुत नाराज है। लोजपा एक समय राजग का घटक दल थी लेकिन 2002 के गुजरात दंगों के बाद उसने भाजपा नीत इस गठबंधन से नाता तोड़ लिया था। इस समय संप्रग सरकार को बाहर से समर्थन दे रही लोजपा अब फिर से दूसरे विकल्प तलाश रही है। सूत्रों ने बताया कि लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष चिराग पासवान और उनके चाचा पशुपति कुमार पारस संभावित गठबंधन के लिए इन दिनों भाजपा से बातचीत कर रहे हैं। सूत्रों का यह भी कहना है कि इसके साथ लोजपा का कांग्रेस और राजद से गठबंधन अभी बरकरार है।
भाजपा से बातचीत के मुद्दे पर पूरी तरह चुप्पी बनाए रखने हुए चिराग पासवान ने कहा कि कांग्रेस और लालू प्रसाद के नेतृत्व वाले राजद के साथ सीटों के बंटवारे को लेकिर जिस तरह से कोई फैसला नहीं हो पा रहा है उसके कारण उनकी पार्टी में पीड़ा है। यह पूछे जाने पर कि 2002 के दंगों को लेकर मोदी से क्या लोजपा को कोई समस्या नहीं है, चिराग ने कहा, अगर अदालत ने अपना फैसला सुना दिया है और उसका कहना है कि वह (मोदी) निर्दोष हैं तो मुझे नहीं लगता कि यह चर्चा का कोई विषय रह गया है। उधर लोजपा से लोकसभा चुनावों को लेकर गठबंधन की खबरों पर अनिभज्ञता जताते हुए भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
इन खबरों के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा, मुझे जानकारी नहीं है ..अगर कोई घोषणा करनी होगी तो आप को बता दिया जाएगा। यह सवाल किए जाने पर कि क्या लोजपा से समझौता होने जा रहा है, सिंह ने कहा, इन खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। लोजपा और भाजपा के बीच बातचीत की खबरों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि विभिन्न दलों में बातचीत तो चलती ही रहती है।
इस बीच भाजपा के बिहार से नेता संजय पासवान ने कहा कि दोनों दलों के बीच गठबंधन होने को है और शीघ्र इसकी घोषणा कर दी जाएगी। संजय ने कहा, एक दलित नेता आज पार्टी में शामिल हुए हैं। अन्य एक-दो दिन में शामिल होंगे। भाजपा को दो तीन महत्वपूर्ण दलित नेता मिल जाएंगे। भाजपा के प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर ने कहा, भाजपा बढ़ रही है और कांग्रेस सिकुड़ रही है। बहुत से दल भाजपा के साथ आने पर विचार कर रहे हैं। लोजपा के भाजपा के साथ आने के सवाल पर उन्होंने हालांकि कहा, कुछ ठोस होने पर यह बात मीडिया से साझा की जाएगी।
इसी बीच भाजपा के भीतर लोजपा से गठबंधन करने की कवायद का विरोध भी हो रहा है। बिहार से भाजपा के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने कहा कि यह सब घटनाक्रम देख कर बहुत ही दुख हो रहा है। चौबे ने कहा कि किसी ऐसे से गठबंधन करने में क्या तुक है जो पिछले चुनाव में शून्य हो चुका हो? सिद्धांत विहीन राजनीति अपना कर हम कहां जा रहे हैं? उन्होंने कहा लोजपा हमेशा भाजपा को गालियां देती रही, तथा भ्रष्टाचार, वंशवाद तथा जातिवाद की राजनीति में लिप्त रही।
उधर कांग्रेस ने आज इन खबरों को पूरी तरह से अटकलबाजी करार दिया कि रामविलास पासवान के नेतृत्व वाली लोक जनशक्ति पार्टी लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के साथ गठबंधन कर सकती है। पार्टी ने कहा कि पासवान पहले व्यक्ति थे जिन्होंने गुजरात दंगों के मुद्दे पर राजग छोड़ा था। केन्द्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने कहा, जो कुछ चीजें सार्वजनिक तौर पर चल रही है उस बारे में मेरी तात्कालिक प्रतिक्रिया यही होगी कि यह पूरी तरह से अटकलबाजी है। पासवान की चर्चा करते हुए तिवारी ने कहा कि उस व्यक्ति को जिसने गुजरात दंगों के सवाल पर सरकार छोड़ दी थी उसके लिए यू टर्न लेना कठिन होगा और वह भी यह समझते हुए कि 2002 की घटनाओं से उपजे मुद्दे अभी भी अनसुलझे बने हुए हैं।
हालांकि लोजपा महासचिव अब्दुल खालिक ने कहा कि भाजपा से गठबंधन के बारे में अभी अंतिम निर्णय नहीं किया गया है और लोजपा का संसदीय बोर्ड ही यह फैसला कर सकता है। उन्होंने कहा, राजद और कांग्रेस के साथ चुनावी तालमेल की संभावनाएं अभी समाप्त नहीं हुई हैं। (एजेंसी)

Trending news